
उत्तराखंड: 09 Nov. 2026, देहरादून / राजधानी स्थित गोरखा मिलिट्री इंटर कॉलेज, गढ़ी कैंट, देहरादून में आयोजित समारोह में आज 9 नवंबर को उत्तराखण्ड राज्य के 26वें राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखण्ड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर सूचना एवं लोक संपर्क विभाग की विकास पुस्तिका-2026 ‘सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊँची उड़ान’ का विमोचन किया। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पुस्तिका प्रदेश की विकास यात्रा, जनकल्याणकारी योजनाओं और विभिन्न क्षेत्रों में हासिल उपलब्धियों का महत्वपूर्ण दस्तावेज है। विकास पुस्तिका जनता के सामने सरकार के कार्यों का हिसाब प्रस्तुत करने के साथ भविष्य की जिम्मेदारियों का भी स्मरण कराती है।
मुख्यमंत्री ने राज्य आंदोलन के अमर बलिदानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष और योगदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य का निर्माण जनता के लंबे संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। राज्य निर्माण में मातृशक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी का स्मरण करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में पृथक उत्तराखण्ड राज्य का सपना साकार हुआ। आज प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य को समृद्ध और विकसित बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास का वास्तविक अर्थ केवल योजनाओं और आंकड़ों तक सीमित नहीं है, बल्कि उसका सकारात्मक प्रभाव आम नागरिकों के जीवन में दिखाई देना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जी-20 की बैठकों के सफल आयोजन से उत्तराखण्ड को वैश्विक पहचान मिली, सरकार का लक्ष्य है कि पर्यटन का लाभ स्थानीय लोगों, होमस्टे संचालकों और छोटे व्यवसायियों तक पहुंचे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकास के साथ उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक पहचान, प्राकृतिक संपदा और नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए भी प्रतिबद्ध है। प्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू की गई है। सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगारोधी कानून, भू-कानून तथा अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई जैसे निर्णय राज्य और यहां के नागरिकों के हितों को ध्यान में रखकर लिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की उपलब्धियां संतोष प्रदान करती हैं, लेकिन जिम्मेदारियां और अधिक कार्य करने की प्रेरणा देती हैं।उन्होंने अपने संबोधन के समापन पर ‘अभी बहुत आगे हमें जाना है’ कविता की पंक्तियों के माध्यम से राज्य आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप विकसित उत्तराखण्ड के निर्माण का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर महानिदेशक सूचना श्री बंशीधर तिवारी ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा उत्तराखण्ड राज्य स्थापना दिवस पर भेजे गए शुभकामना संदेश का वाचन किया।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री श्री सुबोध उनियाल, श्री गणेश जोशी एवं श्री खजान दास, विधायक श्री विनोद चमोली एवं श्रीमती सविता कपूर, देहरादून के महापौर श्री सौरभ थपलियाल, मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन, प्रमुख सचिव श्री आर.के. सुधांशु एवं डॉ. आर. मीनाक्षी सुन्दरम, सचिव सूचना श्री शैलेश बगौली, उत्तराखण्ड मीडिया सलाहकार समिति के अध्यक्ष प्रो. गोविन्द सिंह बिष्ट, सचिव श्री विनय शंकर पांडेय, महानिदेशक सूचना श्री बंशीधर तिवारी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
