नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल के बेटे के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज, कांग्रेस ने फूंका पुतला

छत्तीसगढ़ में भाजपा विधायक नारायण चंदेल के बेटे पर दुष्कर्म का आरोप लगा है। नेता प्रतिपक्ष के बेटे पलाश चंदेल के खिलाफ केस राजधानी के महिला थाने में दर्ज कराया गया है। पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस तुरंत जांच में जुट गई है। वहीं, कांग्रेस ने भाजपा नेता नारायण चंदेल को पार्टी से बाहर निकालने की मांग कर दी है।

मामला जांजगीर चांपा जिले का

भाजपा विधायक के बेटे पर रायपुर के महिला थाने में केस दर्ज कराया गया है, जबकि पीड़िता जांजगीर चांपा जिले की रहने वाली है। महिला ने आरोप लगाया है कि विधायक का बेटा पलाश फेसबुक के जरिए महिला के संपर्क में आया था और 2018 के बाद दोनों के बीच दोस्ती बढ़ गई थी।

आरोप है कि पलाश ने महिला को शादी का झांसा देकर उसके साथ लगातार संबंध बनाए थे। मिली जानकारी के अनुसार, महिला 2021 में गर्भवती हो गई थी, लेकिन पलाश ने उसे गर्भपात की दवाई खिला दिया था। इसके बाद से दोनों के बीच लड़ाई बढ़ गई, जिसके बाद पीड़िता ने पलाश के खिलाफ केस दर्ज कराया।

कांग्रेस ने फूंका नेता प्रतिपक्ष का पुतला

भाजपा नेता के बेटे पर जब से दुष्कर्म का आरोप लगा है, तभी से कांग्रेस काफी आक्रामक हो गई है। 21 जनवरी को कांग्रेस के नेताओं ने भाजपा के विधायक नारायण चंदेल का पुतला जलाया। एक तरफ कांग्रेस उन्‍नाव से कठुआ तक के मामले गिना रही है तो वहीं भाजपा कांग्रेस को भ्रष्टाचार के मुद्दे पर घेर रही है।

भाजपा नेताओं ने नहीं दी कोई प्रतिक्रिया

नारायण चंदेल के बेटे पर दुष्कर्म के आरोप लगने के बाद से भाजपा की तरफ से कोई भी प्रतिक्रिया नहीं आई है। अब तक भाजपा के किसी भी बड़े नेता ने एक भी बयान जारी नहीं किया है। वहीं, भाजपा के मुख्य प्रवक्ता अजय चंद्राकर से जब इस मामले पर सवाल किया गया तो उन्होंने साफ कहा कि हमें न्याय पर पूरा भरोसा है और अपना पक्ष न्यायालय में रखेंगे। इस मामले में नारायण चंदेल ने भी अब तक कुछ नहीं बोला है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.