जिला पर्यटन विकास समिति की बैठक में डीएम ने दिये परिसंपत्तियों के निर्देश
उत्तराखंड: 23 Sep. 2026, देहरादून पौड़ी- पौड़ी गढ़वाल जिला पर्यटन विकास समिति की बैठक जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया की अध्यक्षता में आयोजित की गयी। बैठक में जनपद में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने, पर्यटन विभाग की परिसंपत्तियों के बेहतर संचालन एवं किराया वसूली, पार्किंग व्यवस्था, पर्यटन स्थलों के सौंदर्यीकरण तथा साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत समीक्षा की गयी।
बैठक में पर्यटन विभाग पौड़ी गढ़वाल की ओर से किराए पर दी गई परिसंपत्तियों से प्राप्त होने वाले किराए की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सरकारी परिसंपत्तियों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने के साथ उनसे संबंधित राजस्व की वसूली भी समयबद्ध ढंग से की जाए। उन्होंने पर्यटक आवास गृह बीरोंखाल एवं पोखड़ा तथा रैन बसेरा डांडा नागराजा सहित अन्य परिसंपत्तियों से लंबित किराया 30 सितंबर तक प्राप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित अवधि में किराया जमा न होने पर नियमानुसार अनुबंध निरस्त करने की कार्रवाई की जाए। उन्होंने जिला पर्यटन अधिकारी को निर्देश दिए कि भविष्य में किराए के भुगतान के लिए तीन माह से अधिक की अवधि न दी जाए तथा लंबित धनराशि की प्रभावी वसूली सुनिश्चित की जाए।
बैठक में सतपुली स्थित हट्स एवं मत्स्य केंद्र (एंगलर्स हट्स) के संचालन और किराया वसूली की स्थिति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने पर्यटन विभाग की अन्य परिसंपत्तियों की भी विस्तृत जानकारी प्रस्तुत करने को कहा, ताकि उनके उपयोग, संचालन और राजस्व प्राप्ति की स्थिति का समुचित आकलन किया जा सके। जिलाधिकारी ने पर्यटन विभाग की रिखणीखाल स्थित तहसील एवं आयुर्वेदिक चिकित्सालय तथा थलीसैंण में संचालित जिम सहित अन्य परिसंपत्तियों के संबंध में भी जानकारी ली।
जिला पर्यटन विकास अधिकारी ने बताया कि पौड़ी में पर्यटन आवास गृह के समीप निर्मित पार्किंग के संचालन की समीक्षा के दौरान बताया गया कि पार्किंग का हस्तांतरण हो चुका है। इसी क्रम में उन्होंने लैंसडाउन में पार्किंग से संबंधित समस्या का भी यातायात प्रबंधन की दृष्टि से समाधान करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने जनपद में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए जिला स्तर पर साहसिक पर्यटन क्लब गठित करने की दिशा में कार्य करने को कहा। उन्होंने ट्रैकिंग, बर्ड वॉचिंग, वन्यजीव सफारी, कयाकिंग सहित विभिन्न साहसिक एवं प्रकृति आधारित गतिविधियों के लिए माहवार वार्षिक पर्यटन गतिविधि कैलेंडर तैयार करने के निर्देश जिला पर्यटन विकास अधिकारी को दिए।
बैठक में ताड़केश्वर मंदिर के सौंदर्यीकरण एवं आवश्यक मरम्मत कार्यों पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने डीएफओ गढ़वाल को मंदिर के सौंदर्यीकरण एवं मरम्मत के लिए उपयुक्त डिजाइन तैयार करवाकर प्रस्तुत करने तथा संबंधित कार्यों का प्राक्कलन एक सप्ताह के भीतर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में डीएफओ गढ़वाल महातिम यादव, जिला पर्यटन विकास अधिकारी कमल किशोर जोशी, प्रशिक्षु उपजिलाधिकारी मीनाक्षी भाटिया, सहायक कोषाधिकारी अवधेश चंद्र, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी मयंक शर्मा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।