मिचेल मार्श का धमाका, 35 मैचों में 1502 T20 रन; नया ऑस्ट्रेलियाई रिकॉर्ड

Spread the love

उत्तराखंड/नई दिल्ली: 11 AUG 2026, मंगलवार को नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया के टी20 कप्तान मिचेल मार्श का बल्ला साल 2026 में लगातार जमकर बोल रहा है। दुनियाभर की टी20 लीग में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी का जलवा दिखा रहे मार्श ने अब एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। वह एक कैलेंडर वर्ष में 1500 टी20 रन का आंकड़ा पार करने वाले पहले ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने यह कारनामा द हंड्रेड में सनराइजर्स लीड्स की ओर से खेलते हुए किया।

वेल्श फायर के खिलाफ सोमवार को लीड्स में खेले गए मुकाबले में मार्श ने महज 34 गेंदों में 50 रन की तेज पारी खेली। उनकी इस पारी के साथ ही 2026 में उनके टी20 रनों की संख्या बढ़कर 1502 रन हो गई। इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के टिम डेविड का पिछला रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया।

टिम डेविड का रिकॉर्ड हुआ ध्वस्त

ऑस्ट्रेलिया की ओर से एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा टी20 रन बनाने का रिकॉर्ड इससे पहले टिम डेविड के नाम था। उन्होंने 2022 में कुल 73 टी20 मुकाबले खेलते हुए सात अलग-अलग टीमों का प्रतिनिधित्व किया था और 1461 रन बनाए थे। अब मार्श ने इस आंकड़े को पार करते हुए नया ऑस्ट्रेलियाई रिकॉर्ड कायम कर दिया है।

मार्श ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए खेलने के अलावा दुनिया की कई बड़ी फ्रेंचाइजी टी20 प्रतियोगिताओं में भी नजर आते हैं। उनकी तेजतर्रार बल्लेबाजी और बड़े शॉट लगाने की क्षमता उन्हें टी20 क्रिकेट में एक प्रभावशाली खिलाड़ी बनाती है।

आईपीएल से लेकर द हंड्रेड तक मचाया धमाल

2026 में मिचेल मार्श के प्रदर्शन पर नजर डालें तो उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए सात टी20 मैचों में 230 रन बनाए हैं। वहीं आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स की तरफ से खेलते हुए उन्होंने 13 मुकाबलों में 563 रन बनाए।

इसके अलावा बिग बैश लीग में पर्थ स्कॉर्चर्स के लिए मार्श ने आठ मैचों में 335 रन जोड़े। द हंड्रेड के मौजूदा सीजन में भी उनका बल्ला खूब चला है। अब तक सात मुकाबलों में वह 374 रन बना चुके हैं। इन सभी टूर्नामेंटों के प्रदर्शन को जोड़ने के बाद उनके 2026 के टी20 रनों का आंकड़ा 1500 के पार पहुंच गया है।

द हंड्रेड में भी बड़ा रिकॉर्ड निशाने पर

मिचेल मार्श के पास अब द हंड्रेड के एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम करने का भी मौका है। फिलहाल यह रिकॉर्ड इंग्लैंड के बल्लेबाज जेम्स विंस के नाम दर्ज है, जिन्होंने 2024 में सदर्न ब्रेव के लिए खेलते हुए एक सीजन में 424 रन बनाए थे।

मार्श मौजूदा सीजन में 374 रन बना चुके हैं और विंस के रिकॉर्ड से महज 50 रन दूर हैं। अगर वह आगामी मुकाबलों में 51 रन और जोड़ लेते हैं, तो द हंड्रेड के एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे।

इस तरह मिचेल मार्श के पास 2026 में दो बड़े रिकॉर्ड अपने नाम करने का शानदार मौका है। एक ओर वह ऑस्ट्रेलिया के लिए एक कैलेंडर वर्ष में सर्वाधिक टी20 रन बनाने वाले बल्लेबाज बन चुके हैं, वहीं अब उनकी नजर द हंड्रेड के सीजन रिकॉर्ड पर है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.