खूबसूरत वादियों को अब रोमांच और मनोरंजन का नया आयाम

kumbh2
Spread the love

उत्तराखंड: 15 Nov. 2026, देहरादून /  उत्तराखंड,  पौड़ी- पौड़ी की खूबसूरत वादियों को अब रोमांच और मनोरंजन का नया आयाम मिल रहा है। जिला प्रशासन की पहल पर लगभग 95 लाख रुपये की लागत से विकसित इको एडवेंचर पार्क का मंगलवार को स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी, जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया, नगरपालिका अध्यक्षा हिमानी नेगी, ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी और मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने संयुक्त रूप से शुभारंभ किया। उद्घाटन समारोह में जिपलाइन का रोमांच, स्थानीय नागरिकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी और महिलाओं की पारंपरिक लोकनृत्य प्रस्तुतियों ने आयोजन को यादगार बना दिया। इस पार्क के शुरू होने से पौड़ी के पर्यटन आकर्षणों में एक नया अध्याय जुड़ गया है।

प्रकृति के बीच विकसित इस पार्क में रोमांच पसंद करने वालों के लिए एक-दो नहीं, बल्कि दस तरह की साहसिक गतिविधियां तैयार की गई हैं। यानी यहां रोमांच के साथ परिवार और बच्चों के मनोरंजन का भी पूरा इंतजाम किया गया है।

स्थानीय विधायक ने कहा कि पौड़ी शहर में इस तरह के पर्यटन स्थल की लंबे समय से आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इको एडवेंचर पार्क के रूप में शहर को एक नई धरोहर मिली है। इसके विकास में सभी का सहयोग रहा है और अब इसे संजोकर रखना, इसकी सुरक्षा एवं स्वच्छता बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।

जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन की इस पहल को धरातल पर उतारने में वन पंचायत और स्थानीय महिलाओं का महत्वपूर्ण सहयोग रहा है।

जिलाधिकारी ने कहा कि एडवेंचर टूरिज्म के प्रति लोगों का आकर्षण लगातार बढ़ रहा है और पर्यटक इस तरह की गतिविधियों के लिए दूर-दूर से पहुंचते हैं। इसी के दृष्टिगत इस इको एडवेंचर पार्क की परिकल्पना की गयी और सभी के सहयोग से इसे एक वर्ष से भी कम अवधि में धरातल पर उतारा गया। पौड़ी में इस सुविधा के विकसित होने से पर्यटन को नई गति मिलेगी।

नगरपालिका अध्यक्षा ने कहा कि पौड़ी में इको एडवेंचर पार्क की अत्यंत आवश्यकता थी। प्रशासन और स्थानीय नागरिकों के साझा प्रयासों से यह सुविधा विकसित हुई है।

क्षेत्र पंचायत प्रमुख ने पार्क में स्वच्छता बनाए रखने और प्राकृतिक परिवेश को संरक्षित रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस खूबसूरत स्थल की पहचान और प्राकृतिक सुंदरता बनाए रखना सभी का सामूहिक दायित्व है।

उद्घाटन अवसर पर वन पंचायत पौड़ी-कांडई के सरपंच बकुल रावत ने स्वयं जिपलाइन कर इसकी शुरुआत की। इसके बाद स्थानीय नागरिकों ने भी जिपलाइन गतिविधि में उत्साहपूर्वक भाग लिया और रोमांच का अनुभव किया। जिपलाइन पर लोगों की भागीदारी और साहसिक गतिविधियों को लेकर उत्सुकता ने समारोह में खास रंग भर दिया।

इस अवसर पर किसान आयोग के सदस्य ओमप्रकाश जुगरान, कनिष्ठ उप प्रमुख नीरज पटवाल, कुलदीप गुसाईं, संस्कृति साहित्य कला समिति के सदस्य राकेश नौडियाल, वन पंचायत पौड़ी-कांडई के पंच नरेंद्र नेगी, सुनील नेगी एवं संतन सिंह नेगी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी राम सलोने, अधिशासी अभियंता लघु सिंचाई धीरज सैनी, जिला पर्यटन अधिकारी कमल किशोर जोशी, एबीडीओ धनपाल नेगी, कनिष्ठ अभियंता उपेंद्र शाह, उत्तराखंडी टूरिज्म रिप्रेजेंटेटिव्स एसोसिएशन के सदस्य, विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में महिलाएं और नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन वन पंचायत पौड़ी-कांडई के सरपंच बकुल रावत ने किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.