बड़े सपने देखें, चुनौतियों का सामना करें बच्चे : DM

kumbh2
Spread the love

उत्तराखंड: 28 Nov. 2026, उत्तराखंड में पौड़ी- सेंट थॉमस स्कूल में आयोजित वार्षिकोत्सव में जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग कर छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधक फादर जीजो पैलाथिंकल, प्रधानाध्यापिका सिस्टर सौमिनी, उप प्रधानाचार्य सिस्टर मेरिन तथा विशिष्ट अतिथि बिजनौर डायसिस के उपाध्यक्ष फादर फ्रांसिस केओ ने जिलाधिकारी का स्वागत एवं अभिनंदन किया। जिलाधिकारी ने सेंट थॉमस स्कूल परिवार को वार्षिकोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के आईसीएसई टॉपर शौर्य असवाल तथा आईएससी टॉपर गीतांजलि नेगी और योगेश लिंगवाल को सम्मानित कर उनकी उपलब्धियों की सराहना की। वार्षिकोत्सव में विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और आत्मविश्वास का शानदार प्रदर्शन किया।

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चों की प्रस्तुतियों में दिखा उत्साह और आत्मविश्वास उन्हें अपने बचपन की याद दिलाता है। बच्चों को मंच पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करते देखना सुखद अनुभव है। उन्होंने शानदार प्रस्तुतियों के लिए विद्यार्थियों के साथ शिक्षकों और अभिभावकों को भी बधाई दी।
जिलाधिकारी ने बच्चों को बड़े सपने देखने, नई चुनौतियां स्वीकार करने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जीवन में मुश्किलें आएंगी, लेकिन मजबूत हौसले और अटूट विश्वास से हर चुनौती का सामना किया जा सकता है। संघर्षों से घबराने के बजाय उनका डटकर मुकाबला करना चाहिए, क्योंकि फाइटर हमेशा जीतता है।

इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन की ओर से जनपद में विकास कार्यों को नई दिशा देने के लिए जिलाधिकारी के प्रयासों की सराहना की गई। विद्यालय प्रबंधक फादर जीजो पैलाथिंकल ने कहा कि श्रीनगर स्थित वेस्ट टू वंडर पार्क का विकास, विद्यार्थियों के शैक्षिक ज्ञान को समृद्ध करने के उद्देश्य से जिला संग्रहालय का सुदृढ़ीकरण, सामाजिक विकास के लिए पौड़ी प्रगति पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पहल, पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे नवाचार तथा महिला सशक्तिकरण की दिशा में संचालित प्रयास जनपद को नई पहचान दिला रहे हैं।

 

वार्षिकोत्सव के दौरान छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति, भारतीय संस्कृति, लोक परंपराओं और सामाजिक संदेशों पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। देशभक्ति गीतों और नृत्य नाटिकाओं के माध्यम से विद्यार्थियों ने राष्ट्रप्रेम, एकता और देश के प्रति समर्पण की भावना को खूबसूरती से अभिव्यक्त किया।

कार्यक्रम में रीना रौथाण, वंदना मुदगिल, गीता रावत, पूजा चमोली, नरेंद्र सिंह, संजय जुयाल, प्रीति नेगी, मुकेश पंवार, सुबोध उनियाल, जैतलिन, अजय एवं शंकर सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक-कर्मचारी, अभिभावक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.