मसूरी के होमस्टे कमरे में नवविवाहित युवती (27) की संदिग्ध हालात में मौत

Spread the love

उत्तराखंड: 16 JUNE 2026, मंगलवार को देहरादून / राजधानी स्थित  कोतवाली मसूरी क्षेत्रान्तर्गत  15 जून 2026 की प्रातः 112 कंट्रोल रूम के माध्यम से कोतवाली मसूरी को सूचना प्राप्त हुई कि कियाना होम स्टे, टिपरीधार, मसूरी-धनोल्टी मार्ग स्थित एक कमरे में एक महिला अचेत अवस्था में पडी है जो अपने पति के साथ उक्त कमरे में ठहरी थी। प्राप्त सूचना पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली मसूरी पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। साथ ही 108 एम्बुलेंस सेवा को भी मौके पर पहुंचने हेतु सूचित किया गया।

मौके पर पहुंची एम्बुलेंस में तैनात फार्मासिस्ट द्वारा महिला की प्रारम्भिक जांच में उसे मृत घोषित किया गया। मृतक महिला की पहचान पी. राधा गायत्री (उम्र 27 वर्ष), पत्नी सौम्या श्रीचरण, निवासी मास्टर ब्लॉक, मधुबन रोड, नियर चादर विला, शकरपुर, वारमल ईस्ट, नई दिल्ली तथा वर्तमान पता डी-2, टावर-13, किदवई नगर ईस्ट, दिल्ली के रूप में हुई। घटना के सम्बन्ध में जानकारी करने पर ज्ञात हुआ कि मृतका अपने पति सौम्या श्रीचरण पुत्र एस. दुर्गा प्रसाद, निवासी उपरोक्त, के साथ दिनांक 13-06-26 को दिल्ली से ऋषिकेश आई थी तथा दिनांक 14-06-2026 की रात्रि में वे ऋषिकेश से उक्त होम स्टे में पहुंचे थे।

मृतका के पति से पूछताछ में उसके द्वारा बताया गया कि रात्रि में उन दोनो के द्वारा शराब का सेवन किया था तथा लगभग 03ः30 बजे वे दोनो अपने कमरे में सो गए थे तथा प्रात: जागने पर उन्होंने अपनी पत्नी को अचेत अवस्था में पाया। मृतका की नाक से रक्तस्राव हुआ था तथा उसके शरीर से मूत्र भी निकला हुआ था। जांच के दौरान पुलिस टीम को जानकारी प्राप्त हुई कि दंपति का विवाह दिनांक 08-11-2025 को हुआ था तथा दोनो पति-पत्नी निजी आईटी कंपनियों में कार्यरत थे, जिनमें से पति पुणे तथा मृतका गुरुग्राम में कार्यरत थी। दोनों परिवार मूल रूप से विशाखापट्टनम के निवासी हैं।

पुलिस द्वारा तत्काल आवश्यक कार्रवाई करते हुए मौके पर फील्ड यूनिट देहरादून एवं पंचायतनामा की कार्यवाही हेतु कार्यपालक मजिस्ट्रेट/नायब तहसीलदार मसूरी को बुलाया गया। फील्ड यूनिट देहरादून द्वारा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर मौके की वीडियोग्राफी एवं फोटोग्राफी करते हुए आवश्यक साक्ष्य संकलन की कार्यवाही की गई।

कार्यपालक मजिस्ट्रेट/नायब तहसीलदार मसूरी की उपस्थिति में मृतका के पंचायतनामें की कार्यवाही कर मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता लगाने हेतु शव को पोस्टमार्टम के लिए कोरोनेशन अस्पताल, देहरादून भेजा गया, जहां आज दिनांक 16-06-26 को डॉक्टरों के पैनल द्वारा मृतका के शव का पोस्टमार्टम परीक्षण किया गया।

पोस्टमार्टम के दौरान मृतका के शरीर पर किसी प्रकार की बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए, साथ ही आगे की वैज्ञानिक जांच एवं मृत्यु के वास्तविक कारणों के निर्धारण हेतु डाक्टरों द्वारा मृतका का बिसरा सुरक्षित किया गया है।

घटना के समबन्ध में मृतका के पिता पी० सुधाकर द्वारा मृत्यु के कारणों की जांच हेतु एक प्रार्थना पत्र दिया गया है। उक्त प्रार्थना पत्र के आधार पर मामले की सभी पहलुओं से गहन जांच की जा रही है। मृत्यु के कारणों के संबंध में अंतिम निष्कर्ष पोस्टमार्टम रिपोर्ट, बिसरा परीक्षण रिपोर्ट एवं अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के प्राप्त होने के उपरांत ही स्पष्ट हो सकेगा। प्रकरण में आवश्यक वैधानिक कार्यवाही प्रचलित है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.