राजभवन में वसंतोत्सव/पुष्प प्रदर्शनी, में महत्वपूर्ण आकर्षण 07 मार्च से शुरू !

उत्तराखण्डः 03 मार्च . 2025, सोमवार को देहरादून स्थित उत्तराखंड राजभवन में वसंतोत्सव-2025 का ‘कर्टेन रेजर’ आयोजित किया गया। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने इस वर्ष 07 मार्च से राजभवन में शुरू हो रहे तीन दिवसीय वसंतोत्सव-2025 के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष विशेष पोस्टल कवर के लिए ‘‘जटामांसी’’ का चयन किया गया है। 07 मार्च को दोपहर 1.00 बजे से सायं 6.00 बजे तक तथा 08 व 09 मार्च को प्रातः 09.00 बजे से सायं 6.00 बजे तक वसंतोत्सव/पुष्प प्रदर्शनी जनसामान्य के लिए निःशुल्क खुली रहेगी।

राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखण्ड के पुष्पों की एक अलग पहचान है, यहां फूलों के उत्पादन के क्षेत्र में अनेक संभावनाएं हैं, जो उत्तराखण्ड के लिए एक वरदान साबित हो सकती हैं। उन्होंने कहा कि राजभवन देहरादून में आयोजित होने वाला वसंतोत्सव प्रदेश की सांस्कृतिक, आर्थिक और पर्यावरणीय पहचान का एक प्रमुख उत्सव बन चुका है, जिसका लोगों को बेसब्री से इंतजार रहता है। राज्यपाल ने कहा कि वसंतोत्सव उत्तराखण्ड के स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प और कुटीर उद्योग को एक बड़ा मंच प्रदान करता है।

इस आयोजन में स्थानीय कारीगरों, किसानों, महिला समूहों और युवा उद्यमियों को विशेष रूप से प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिससे उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त किया जा सके।राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखण्ड की जलवायु और भौगोलिक परिस्थितियां पुष्प उत्पादन के लिए अत्यंत अनुकूल हैं। राज्य में दुर्लभ और औषधीय गुणों वाले फूलों की अनेक प्रजातियां पाई जाती हैं, जो वैश्विक बाजार में अपनी अलग पहचान बना सकती हैं। इस आयोजन के माध्यम से उत्तराखण्ड को एक ‘पुष्प प्रदेश’ के रूप में विकसित करने और पुष्प पर्यटन को बढ़ावा देने पर बल दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन से उत्तराखण्ड को एक प्रमुख ‘ग्रीन टूरिज्म हब’ के रूप में उभरने का अवसर मिलेगा। ‘कर्टेन रेजर’ में सचिव श्री राज्यपाल रविनाथ रामन, अपर सचिव श्री राज्यपाल स्वाति एस. भदौरिया, अपर सचिव मनुज गोयल, निदेशक उद्यान दीप्ति सिंह, संयुक्त निदेशक सूचना डॉ. नितिन उपाध्याय, संयुक्त निदेशक उद्यान डॉ. रतन कुमार भी उपस्थित रहे।

 जनमानस तथा कृषकों में पुष्प उत्पादन के प्रति अभिरूचि बढ़ाने के लिए वसंतोत्सव में विभिन्न प्रतियोगिताओं का निम्नानुसार आयोजन किया जा रहा है-
01. कट फ्लावर – 72 पुरस्कार
02. पॉटेड प्लांट्स प्रबंधन – 12 पुरस्कार
03. लूज फ्लावर प्रबंधन – 12 पुरस्कार
04. पुष्प के अतिरिक्त पॉटेड प्लांट्स – 06 पुरस्कार
05. सब्जियां – 09 पुरस्कार
06. कैक्टस एवं सकुलेन्ट्स – 03 पुरस्कार
07. बोनसाई – 06 पुरस्कार
08. टेरारियम (Terrarium) – 03 पुरस्कार
09. हैंगिंग पॉट्स – 03 पुरस्कार
10. हाइड्रोपोनिक तकनीकी प्रदर्शन (प्रथम बार) – 03 पुरस्कार
11. बागवानी में प्रयुक्त गमले – 03 पुरस्कार
12. शहद – 09 पुरस्कार
13. ऑन द स्पॉट फोटोग्राफी – 03 पुरस्कार
14. ताजे पुष्प दलों की रंगोली – 03 पुरस्कार
15. विद्यालयी (05 से 18 वर्ष आयु वर्ग), दिव्यांग एवं अन्य बच्चों हेतु पेंटिंग प्रतियोगिता – 18 पुरस्कार

उपरोक्त 15 मुख्य प्रतियोगिताओं की श्रेणी में कुल 55 उप श्रेणी हैं, जिनमें प्रथम, द्वितीय व तृतीय पुरस्कार दिए जाएंगे। इस प्रकार कुल 165 पुरस्कार निर्णायक मंडल के निर्णय के उपरांत दिनांक 09 मार्च, 2025 को विजेताओं को प्रदान किए जाएंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.