मानसिक स्वास्थ्य, बालिका अधिकारों और विधिक सहायता के प्रति किया जागरूक

kumbh2
Spread the love

 

पौड़ी गढ़वाल- विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस एवं अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस के उपलक्ष्य में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में राजकीय इंटर कॉलेज उज्याड़ी में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। प्राधिकरण की सचिव एवं सिविल जज (सीनियर डिवीजन) नाज़िश कलीम के निर्देशन में आयोजित शिविर में विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य, बालिकाओं के अधिकारों, संरक्षण, समानता तथा निःशुल्क विधिक सहायता के संबंध में जानकारी दी गई।

सचिव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि मानसिक स्वास्थ्य भी शारीरिक स्वास्थ्य जितना ही महत्वपूर्ण है। पढ़ाई, परीक्षा अथवा दैनिक जीवन में तनाव होने पर विद्यार्थियों को अपनी समस्याएं अभिभावकों, शिक्षकों या विशेषज्ञों के साथ साझा करनी चाहिए। उन्होंने बालिकाओं को शिक्षा, सुरक्षा, समान अवसरों एवं आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक करते हुए किसी भी प्रकार के भेदभाव, शोषण अथवा उत्पीड़न की स्थिति में सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।

जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. आशीष गुसाईं ने विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशील रहने और तनाव का उचित प्रबंधन करने की जानकारी दी।

रिटेनर अधिवक्ता गजेन्द्र सिंह रावत ने बाल विवाह, बाल श्रम, लैंगिक भेदभाव तथा बालिकाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी।

शिविर के दौरान विद्यार्थियों के लिए भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। भाषण प्रतियोगिता में कक्षा 11 की दीपांशी ने प्रथम, कक्षा 12 की कनिका ने द्वितीय तथा कक्षा 12 की वर्किता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वरिष्ठ वर्ग की चित्रकला प्रतियोगिता में कक्षा 10 की सोनाक्षी प्रथम तथा कक्षा 12 की शिवानी द्वितीय स्थान पर रहीं। वहीं, कनिष्ठ वर्ग की चित्रकला प्रतियोगिता में कक्षा 8 की शिक्षा ने प्रथम, समर्थ ने द्वितीय तथा रोहित ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की विभिन्न योजनाओं तथा निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया। इस अवसर पर राजकीय इंटर कॉलेज उज्याड़ी के प्रधानाचार्य हरेंद्र सिंह, जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के मॉनिटरिंग एवं इवैल्यूएशन अधिकारी मनमोहन देवली, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.