उत्तराखंड: 30 AUG. 2026, देहरादून / राजधानी स्थित पुलिस कार्यालय देहरादून में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था, आगामी चुनाव, त्योहारों और पर्यटक सीजन को लेकर पुलिस की तैयारियों की समीक्षा की गई।
एसएसपी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि ड्यूटी में किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के साथ थाना प्रभारी और पर्यवेक्षण अधिकारी की जवाबदेही भी तय की जाएगी।
चुनाव को लेकर अपराधियों पर कसेगा शिकंजा
आगामी चुनाव के मद्देनजर सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए। आपराधिक और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों को चिन्हित कर उनके खिलाफ गुंडा और गैंगस्टर एक्ट के तहत निरोधात्मक कार्रवाई करने को कहा गया। गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई किए गए आरोपियों के जिलाबदर की प्रक्रिया भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
संगठित अपराध में शामिल आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करने के साथ उनकी अवैध संपत्तियों को चिन्हित कर जब्तीकरण की कार्रवाई करने को भी कहा गया।
बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई
एसएसपी ने बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों से जुड़ी शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए। थानों में अपनी समस्याएं लेकर पहुंचने वाले लोगों की शिकायतों का विधि सम्मत तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया। अनावश्यक रूप से शिकायतों को लंबित रखने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
जघन्य अपराधों में त्वरित जांच और प्रभावी पैरवी पर जोर
जघन्य अपराधों के मामलों में तत्काल कार्रवाई करने और घटनाओं से जुड़े सभी साक्ष्यों का समय पर संकलन करने के निर्देश दिए गए। विवेचना पूरी कर समय से आरोपपत्र न्यायालय में दाखिल करने तथा आरोपियों को सजा दिलाने के लिए न्यायालय में प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करने को कहा गया।
सड़क हादसे रोकने के लिए विशेष चेकिंग
सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के लिए थाना क्षेत्रों में दुर्घटना संभावित स्थानों को चिन्हित करने के निर्देश दिए गए। पुलिस को नियमित चेकिंग अभियान चलाकर रैश ड्राइविंग, खतरनाक तरीके से वाहन चलाने, ओवरस्पीडिंग, शराब पीकर वाहन चलाने और ओवरलोडिंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा गया।
पीक आवर्स और स्कूलों की टाइमिंग के दौरान थाना प्रभारियों को स्वयं क्षेत्र में मौजूद रहकर प्रमुख मार्गों, चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने के निर्देश दिए गए। चेकिंग में लापरवाही मिलने पर थाना प्रभारी के साथ संबंधित क्षेत्राधिकारी की भी जिम्मेदारी तय करने की बात कही गई।
वांछित और इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें
वांछित और इनामी अपराधियों की धरपकड़ के लिए सभी थानों में विशेष टीमें गठित करने के निर्देश दिए गए। आरोपियों की तलाश में सर्विलांस समेत अन्य तकनीकी माध्यमों का प्रभावी इस्तेमाल करने को कहा गया।
लंबे समय से लंबित विवेचनाओं की भी समीक्षा की गई। एसएसपी ने उनके लंबित रहने के कारणों की जानकारी लेते हुए जल्द निस्तारण के निर्देश दिए। अनावश्यक रूप से विवेचना लंबित रखने वाले विवेचकों के साथ संबंधित थाना प्रभारी की जिम्मेदारी तय कर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
भूमि धोखाधड़ी और नशे के मामलों में गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई
बैठक में भूमि धोखाधड़ी और एनडीपीएस से जुड़े मामलों की भी समीक्षा की गई। इनमें शामिल आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। साथ ही पिट एनडीपीएस के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपियों की अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों को चिन्हित कर जब्तीकरण की प्रक्रिया सुनिश्चित करने को कहा गया।