राजधानी में दो दिन राष्ट्रपति दौराः ग्राउंड जीरो पर उतरे डीएम

‘आशियाना’ और ’निकेतन’ का स्थलीय निरीक्षण कर परखीं व्यवस्थाएं

Spread the love
 उत्तराखंड: 11 JUNE 2026,गुरुवार को देहरादून/राजधानी में माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु के प्रस्तावित दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने अपनी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। राष्ट्रपति के 12 और 13 जून को होने वाले कार्यक्रमों के सफल और सुचारु संचालन के लिए पूरी प्रशासनिक मशीनरी अलर्ट मोड पर है। इसी सिलसिले में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने गुरुवार को ‘राष्ट्रपति निकेतन’ और ‘राष्ट्रपति आशियाना‘ परिसर का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, महामहिम राष्ट्रपति 12 जून को देहरादून स्थित राष्ट्रपति निकेतन पहुंचेंगी। यहाँ वे राष्ट्रपति आशियाना परिसर में 132 एकड़ के विशाल क्षेत्रफल में विकसित किए जा रहे अत्याधुनिक राष्ट्रपति उद्यान के निर्माण और विकास कार्यों का बारीकी से अवलोकन करेंगी। इसके बाद, अपने दौरे के दूसरे दिन यानी 13 जून को भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए), देहरादून में 158वें रेगुलर कोर्स और 141वें टेक्निकल ग्रेजुएट कोर्स की दीक्षांत परेड (पासिंग आउट परेड) में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगी।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति महोदय के दौरे के दौरान किसी भी स्तर पर चूक या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु के आगामी उत्तराखंड दौरे को लेकर जहां प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में हैं, वहीं उनके इस दौरे का मुख्य केंद्र ‘राष्ट्रपति आशियाना’ परिसर में बन रहा भव्य राष्ट्रपति उद्यान है। उल्लेखनीय है कि महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने पिछले वर्ष 20 जून 2025 को देहरादून में ‘राष्ट्रपति तपोवन’ एवं ’राष्ट्रपति निकेतन’ का उद्घाटन किया था। इसी ऐतिहासिक अवसर पर उन्होंने राष्ट्रपति निकेतन परिसर में इस महत्वाकांक्षी ‘राष्ट्रपति उद्यान’ की आधारशिला भी रखी थी। अब अपने इस दौरे पर वे स्वयं इसके विकास कार्यों की प्रगति का अवलोकन करेंगी।
पार्क के भीतर एक आकर्षक थीम पार्क, आधुनिक कैफेटेरिया और लजीज व्यंजनों के लिए फूड कोर्ट का निर्माण किया जा रहा है। स्वास्थ्य प्रेमियों के लिए पार्क में 2,700 मीटर लंबा जॉगिंग, साइकिलिंग एवं वॉकिंग ट्रैक और प्रकृति का आनंद लेने के लिए 840 मीटर लंबा शानदार बोर्डवॉक बनाया जा रहा है।
पार्क को बेहद सुव्यवस्थित रूप दिया जा रहा है। इसके तहत यहाँ तीन भव्य प्रवेश द्वारों का निर्माण किया जा रहा है, ताकि आवाजाही सुगम हो सके। इसके साथ ही वाहनों के व्यवस्थित ठहराव के लिए एक बड़ी और आधुनिक पार्किंग व्यवस्था भी तैयार की जा रही है। जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को इस पूरे इन्फ्रास्ट्रक्चर को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) स्मृता परमार सहित सीपीडब्ल्यूडी, विद्युत, पेयजल, वन, परिवहन तथा अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.