उत्तराखंड : 02 JULY 2026, गुरुवार को देहरादून / राजधानी के प्रमुख जिला अस्पताल कोरोनेशन अस्पताल में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव हुआ है। आज गुरुवार को अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक (पीएमएस) के पद पर रेडियोलॉजिस्ट विशेषज्ञ डॉ. योतेंद्र सिंह को नियुक्त किया गया है। उन्होंने गुरुवार को विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। डॉ. मनु जैन के स्थान पर डॉ. योतेंद्र सिंह अब कोरोनेशन अस्पताल की कमान संभालेंगे। वहीं, गांधी अस्पताल में भी प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक के स्तर पर बदलाव किया गया है।
नवनियुक्त पीएमएस डॉ. योतेंद्र सिंह के कार्यभार ग्रहण करने के अवसर पर अस्पताल परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला। अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सकों, अधिकारियों, कर्मचारियों और स्टाफ ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। पुष्पगुच्छ भेंट कर एवं मिठाई खिलाकर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी गईं। पूरे दिन अस्पताल में बधाई देने वालों का तांता लगा रहा।
कार्यभार संभालने के बाद वरिष्ठ संवाददाता (सोमपाल सिंह- वरिष्ट पत्रकार) से बातचीत में डॉ. योतेंद्र सिंह ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता अस्पताल को स्वच्छ, सुंदर और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं वाला संस्थान बनाना होगी। उन्होंने कहा कि मरीजों को सभी आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराना उनकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है और इसके लिए वे पूरी ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे।
उन्होंने कहा कि कोरोनेशन अस्पताल की जिन व्यवस्थाओं में सुधार की आवश्यकता है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जाएगा। साथ ही डॉ. योतेंद्र सिंह ने कहा, “मैं अस्पताल के सभी चिकित्सकों, अधिकारियों और कर्मचारियों को साथ लेकर टीम भावना से कार्य करूंगा। हमारा उद्देश्य मरीजों को गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। अस्पताल की व्यवस्थाओं में जल्द सकारात्मक बदलाव दिखाई देगा।”
गौरतलब है कि राजधानी के सरकारी अस्पतालों में लंबे समय से विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी एक बड़ी चुनौती बनी हुई है। हालांकि सरकार इस कमी को दूर करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, लेकिन अभी भी कई स्वास्थ्य केंद्रों में विशेषज्ञ डॉक्टरों का अभाव बना हुआ है। इसके चलते अनेक सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रेफर सेंटर बनकर रह गए हैं, जहां से मरीजों को दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल, कोरोनेशन अस्पताल अथवा निजी अस्पतालों के लिए रेफर किया जाता है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि यदि अस्पतालों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की पर्याप्त नियुक्ति हो और प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत बनाई जाए, तो मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा सकता है। ऐसे में डॉ. योतेंद्र सिंह की नियुक्ति से अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।