उत्तराखंड: 14 Sep. 2026, देहरादून / राजधानी स्थित सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर सभागार में जनसमस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए ‘समाधान दिवस’ आयोजित किया गया। देहरादून जनपद के जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित जनसुनवाई में कुल 102 शिकायतें दर्ज की गईं। अपर जिलाधिकारी ने शिकायतकर्ताओं की समस्याएं गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को मामलों की जांच कर समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में ऋषिकेश निवासी रेखा चतरथ, नीलम नेगी और ऋतु गर्ग ने दून स्मृद्धि लिमिटेड एवं सर्व माइक्रोफाइनेंस इंडिया एसोसिएशन पर निवेश के नाम पर धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया।
नथुवाला निवासी अखिलेश उनियाल ने बताया कि उन्हें इंडिया ग्लोबल सर्विसेज की ओर से नौकरी का ऑफर लेटर दिया गया तथा कंपनी के कहने पर 1.75 लाख रुपये जमा कराए गए, लेकिन इसके बाद उन्हें नौकरी नहीं दी गई।
नवादा मिनी मसूरी जन कल्याण समिति ने क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क की समस्या रखते हुए मोबाइल टावर स्थापित किए जाने की मांग की। इस पर ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
नेहरू कॉलोनी निवासी 62 वर्षीय आशा कनौजिया ने बताया कि उन्होंने मातृ स्नेह के चलते अपनी संपत्ति पुत्र के नाम कर दी थी, लेकिन वृद्धावस्था में पुत्र एवं पुत्रवधू द्वारा उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है। इस पर अपर जिलाधिकारी ने भरण-पोषण एवं कल्याण अधिनियम के तहत वाद दायर कर बुजुर्ग महिला को शीघ्र न्याय दिलाने के निर्देश दिए।
एमडीडीए कॉलोनी निवासी बुजुर्ग महिला जैनव ने आंखों के उपचार के लिए आर्थिक सहायता की मांग की। इस पर संबंधित एसडीएम को आर्थिक सहायता के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए।
देहरादून जनपद के अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों को केवल औपचारिकता न मानते हुए प्रत्येक प्रकरण का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा शिकायतकर्ता को कार्रवाई से अवगत कराया जाए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि.रा.) केके मिश्रा, जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल, जिला शिक्षा अधिकारी प्रेम लाल भारती, मुख्य कृषि अधिकारी देवेंद्र राणा, नगर कर अधिकारी विजय चौहान सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।