उत्तराखंड: 01 Sep. 2026, पौड़ी गढ़वाल – दूरस्थ पहाड़ी क्षेत्र के ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए जिला मुख्यालय तक न आना पड़े, इसी उद्देश्य से जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में विकासखंड थलीसैंण के राजकीय महाविद्यालय मजरा महादेव में तहसील दिवस आयोजित किया गया। तहसील चाकीसैंण क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, बिजली, कृषि, शिक्षा, राशन, आवास, रोजगार सहित विभिन्न समस्याएं रखीं। 175 से अधिक शिकायतों की सुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से मौके पर ही स्थिति जानी और जो मामले आसानी से हल हो सकते हैं, उन्हें एक सप्ताह के भीतर निस्तारित करने के निर्देश दिए। शिकायतों के निस्तारण की नियमित समीक्षा के साथ प्रत्येक प्रकरण में कार्रवाई के बाद शिकायतकर्ता को भी इसकी सूचना उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय मझोली के क्षतिग्रस्त भवन का प्रस्ताव शीघ्र भेजने के निर्देश दिए। कुचोली में मिड-डे मील के लिए शेड निर्माण के मामले में प्रस्ताव प्राप्त होते ही कार्रवाई होगी। 3 सितंबर से रोस्टर के अनुसार तिरपालीसैंण में एक सप्ताह का आधार शिविर संचालित होगा, जिसका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। गौरा देवी कन्याधन योजना एवं प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़े मामलों में भी आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बगेली गांव में पेयजल लाइन बिछाने को लेकर दूसरे गांव से विवाद के मामले में ग्रामसभा की बैठक के माध्यम से समाधान का रास्ता सुझाया गया। नौगांव ईड़ा के राजकीय प्राथमिक विद्यालय में भवन और पाइपलाइन बार-बार क्षतिग्रस्त होने पर जल संस्थान को निरीक्षण कर मरम्मत कराने के लिए कहा गया। जिलाधिकारी ने ‘हर घर नल’ से जुड़ी शिकायतों को प्राथमिकता से लेने तथा कुचोली में जल निकासी के लिए पुश्ता निर्माण के मामले में भी आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के मामले में जिलाधिकारी ने कहा कि घेरबाड़ एवं चैनलिंक फेंसिंग की मांग पर सामूहिक घेरबाड़ के लिए ग्रामसभा से प्रस्ताव लिए जाएंगे और सर्वे के बाद कार्रवाई होगी। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि रोजगार संबंधी मामलों में लोगों को शिकायत लेकर दोबारा न आना पड़े।
जिलाधिकारी ने लटकते तारों, झूलते एवं जर्जर विद्युत पोलों की शिकायत पर अधिशासी अभियंता विद्युत को कनिष्ठ अभियंताओं की बैठक लेकर नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरखोला, सुनार गांव एवं धरगांव में जंगली जानवरों से सुरक्षा के लिए सोलर लाइट लगाने, पुरानी सोलर लाइटों के सुधारीकरण, पीएम सूर्य घर योजना की सब्सिडी तथा नवजागृति पब्लिक स्कूल लद्वाड़ी में विद्युत पोल शिफ्ट करने से जुड़े मामलों में भी आवश्यक कार्रवाई होगी।
साथ ही उन्होंने पेंटिंग वाली सड़कों का काम शीघ्र पूरा करने तथा शासन में भेजे गए सड़क प्रस्तावों का लगातार फॉलोअप रखते हुए स्वीकृति मिलते ही कार्य शुरू करने पर भी जोर दिया।
तहसील में जिलाधिकारी ने घुलेख में राशन कार्ड में नाम जोड़ने एवं हटाने में हो रही देरी की शिकायत पर उपजिलाधिकारी से जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही घतटौली से संबंधित शिकायत की भी जांच करने को कहा। उन्हें कहा कि स्वच्छ भारत मिशन में दूसरी किश्त नहीं मिलने के मामले में परियोजना निदेशक स्वजल जांच करेंगे।
ग्राम पंचायतों में महिला प्रधानों की प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए डीपीआरओ एवं बीडीओ को निर्देशित किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि तहसील दिवस, बीडीसी बैठकों सहित अन्य बैठकों में महिला ग्राम प्रधान स्वयं प्रतिभाग करें और उनके स्थान पर किसी अन्य व्यक्ति को प्रतिनिधि बनाकर न भेजा जाए।
ब्लॉक प्रमुख सुनीता देवी ने कहा कि थलीसैंण क्षेत्र अत्यधिक उत्पादन वाला क्षेत्र है। उन्होंने क्षेत्र की जनता की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने के लिए तहसील दिवस आयोजित किए जाने पर आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि समस्याओं का समयबद्ध समाधान किया जाएगा।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य टीला शिव चरण नौटियाल, मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, डीएफओ गढ़वाल महातिम यादव, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मेघना असवाल, मुख्य शिक्षाधिकारी अत्रेश सयाना, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा, अधिशासी अभियंता जल संस्थान टी.एस. रावत, अधिशासी अभियंता लोनिवि लोकेश सारस्वत, अधिशासी अभियंता पीएमजीएसवाई पी.आर. चमोली, जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित सिंह, परियोजना अधिकारी उरेडा चंद्र प्रकाश उपाध्याय, जिला पर्यटन अधिकारी के.के. जोशी, खंड विकास अधिकारी टीका राम, परियोजना अधिकारी स्वजल दीपक रावत, एडीपीआरओ प्रदीप सुंदरियाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।