किसानों का टोल प्लाजा पर हल्ला बोल, घेराव के बाद झुका नया ठेकेदार; पहचान पत्र और झंडी दिखाने पर बनी सहमति-(BKU,Wf.)शर्मा
उत्तराखंड: 28 JULY 2026, मंगलवार को देहरादून। (BKU,Wf.) भारतीय किसान यूनियन वेलफेयर फाउंडेशन के राष्ट्रीय कार्यालय ट्रांसपोर्ट नगर,देहरादून से राष्ट्रीय अध्यक्ष सोमदत्त शर्मा के नेतृत्व में सैकड़ों किसान गणेशपुर टोल प्लाजा पहुंचे और किसानों से टोल वसूली तथा कथित अभद्र व्यवहार के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। किसानों ने नए टोल ठेकेदार के खिलाफ टोल प्लाजा का घेराव कर अपनी नाराजगी जताई।
बताया गया कि उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जनपद स्थित गणेशपुर टोल प्लाजा दिल्ली-देहरादून इकोनामिक कॉरिडोर (ग्रीनफील्ड हाईवे) पर संचालन हाल ही में एक नए ठेकेदार को सौंपा गया है। इसके बाद से किसानों को टोल प्लाजा से आवागमन के दौरान टोल शुल्क वसूली और कर्मचारियों के कथित अभद्र व्यवहार का सामना करना पड़ रहा था। इसी के विरोध में भारतीय किसान यूनियन वेलफेयर फाउंडेशन के बैनर तले बड़ी संख्या में किसान मौके पर पहुंचे और टोल प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान किसानों, टोल प्रबंधन और पुलिस अधिकारियों के बीच वार्ता हुई। बातचीत के बाद नए टोल ठेकेदार ने आश्वासन दिया कि जो किसान अपनी गाड़ी पर किसान यूनियन का झंडा लगाएंगे और अपना वैध परिचय पत्र साथ रखेंगे, उनकी पहचान सुनिश्चित होने के बाद उन्हें अनावश्यक परेशानी नहीं होगी। इस प्रस्ताव पर किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सोमदत्त शर्मा सहित उपस्थित किसानों ने सहमति जताई, जिसके बाद टोल प्लाजा का घेराव स्थगित कर दिया गया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष सोमदत्त शर्मा ने कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान कराना संगठन की प्राथमिकता है और किसी भी किसान के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज गणेशपुर टोल प्लाजा पर किसानों की जो समस्याएं थीं, उन्हें नए टोल मैनेजर से वार्ता कर सुलझा लिया गया है।
इस दौरान संगठन के डायरेक्टर नरेंद्र चौहान, राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रतिनिधि चिरंजीव सहगल, मंडी सचिव रजत कश्यप, युवा मीडिया प्रभारी मोहित धीमान, इरशाद, पदम कुमार सहित बड़ी संख्या में किसान एवं संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में भारतीय किसान यूनियन वेलफेयर फाउंडेशन ने आंदोलन में शामिल सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि किसानों की आवाज़ को बुलंद करने का यह संघर्ष आगे भी इसी एकता और समर्पण के साथ जारी रहेगा।