मंत्री खजान दास ने केंद्रीय मंत्री से महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की।
उत्तराखंड: 11 May 2026, सोमवार को देहरादून/राजधानी में उत्तराखण्ड सरकार के समाज कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण, छात्र कल्याण एवं भाषा मंत्री खजान दास ने नई दिल्ली में भारत सरकार के अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय के केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू से शिष्टाचार भेंट कर राज्य में संचालित अल्पसंख्यक कल्याण योजनाओं एवं विकास कार्यों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की।
बैठक के दौरान मंत्री श्री खजान दास ने प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम (PMJVK) के अंतर्गत उत्तराखण्ड में संचालित परियोजनाओं की प्रगति से केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया। इसके अतिरिक्त वर्ष 2025–26 में प्रस्तावित 17 नई परियोजनाओं को शीघ्र स्वीकृति प्रदान किए जाने का अनुरोध भी किया गया, ताकि अल्पसंख्यक बाहुल्य क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं एवं विकास कार्यों को गति मिल सके।
बैठक में छात्रवृत्ति योजनाओं का विषय भी प्रमुखता से उठाया गया। मंत्री श्री खजान दास ने प्री-मैट्रिक, पोस्ट-मैट्रिक एवं मेरिट-कम-मीन्स छात्रवृत्ति योजनाओं में लंबित मामलों एवं जांच प्रक्रिया के कारण छात्रों को हो रही कठिनाइयों की जानकारी देते हुए छात्रवृत्ति योजनाओं को पुनः सुचारु रूप से संचालित किए जाने का आग्रह किया।
केंद्रीय मंत्री श्री किरण रिजिजू ने राज्य सरकार द्वारा उठाए गए विषयों पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन देते हुए कहा कि अल्पसंख्यक समुदायों के सामाजिक, शैक्षिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण हेतु केंद्र सरकार पूर्ण सहयोग प्रदान करेगी।
बैठक के दौरान विशेष सचिव अल्पसंख्यक कल्याण विभाग डॉ. पराग मधुकर धकाते भी उपस्थित रहे।