भारतीय सेना की टुकड़ी भारत-फ्रांस संयुक्त सैन्य अभ्यास शक्ति के लिए रवाना हुई

Spread the love

उत्तराखण्ड : 18 जून 2025 ,देहरादून। भारतीय सेना की टुकड़ी आज द्विवार्षिक भारत-फ्रांस संयुक्त सैन्य अभ्यास शक्ति के 8वें संस्करण में भाग लेने के लिए रवाना हुई। यह अभ्यास 1 जुलाई तक फ्रांस के ला कैवेलरी के कैंप लारजैक में आयोजित किया जाएगा। 90 कर्मियों वाली भारतीय टुकड़ी का प्रतिनिधित्व मुख्य रूप से जम्मू और कश्मीर राइफल्स की एक बटालियन के अलावा अन्य हथियारों और सेवाओं के कर्मियों द्वारा किया जा रहा है। 90 कर्मियों वाली फ्रांसीसी टुकड़ी का प्रतिनिधित्व 13वीं विदेशी सेना हाफ-ब्रिगेड (13वीं डीबीएलई) के कर्मियों द्वारा किया जाएगा। अभ्यास शक्ति भारतीय और फ्रांसीसी सेनाओं के बीच एक द्विवार्षिक प्रशिक्षण जुड़ाव है, जिसका उद्देश्य अंतर-संचालन, परिचालन समन्वय और सैन्य से सैन्य संपर्क को बढ़ाना है। इस संस्करण में संयुक्त राष्ट्र चार्टर के अध्याय VII के तहत उप-पारंपरिक वातावरण में संयुक्त संचालन पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा, जिसमें अर्ध-शहरी इलाकों में प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। यह अभ्यास दोनों टुकड़ियों को सामरिक अभ्यासों का पूर्वाभ्यास और परिशोधन करने, रणनीति, तकनीक और प्रक्रियाओं (टीटीपी) में सर्वोत्तम प्रथाओं को साझा करने, नई पीढ़ी के उपकरणों (समकालीन सैन्य प्रौद्योगिकियों) पर प्रशिक्षण देने और शारीरिक सहनशक्ति को मजबूत करने के लिए एक मंच प्रदान करेगा। यह दोनों सेनाओं के बीच दल भावना, आपसी सम्मान और पेशेवर सौहार्द को भी बढ़ावा देगा। अभ्यास शक्ति-VIII भारत और फ्रांस के बीच बढ़ते रक्षा सहयोग को रेखांकित करता है और दोनों मित्र देशों के बीच रणनीतिक संबंधों को मजबूत करेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.