उत्तराखण्ड: 24 MARCH.2026, मंगलवार को देहरादून/राजधानी स्थित लोक भवन में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, उत्तराखण्ड द्वारा विश्व टीबी दिवस के अवसर पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने ‘‘100 दिन सघन टीबी उन्मूलन’’ अभियान का शुभारंभ किया। इस अभियान के अंतर्गत उन्होंने मोबाइल वैन को भी फ्लैग ऑफ किया। इस अवसर पर राज्यपाल ने टीबी रोगियों को गोद लेकर नियमित निगरानी एवं मानसिक संबल प्रदान करने वाले निक्षय मित्रों को सम्मानित किया। कार्यक्रम में राज्यपाल ने टीबी उन्मूलन की दिशा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले जनपद देहरादून, ऊधमसिंह नगर एवं पिथौरागढ़ को सम्मानित किया तथा टीबी से स्वस्थ हुए ‘टीबी चैंपियनों’ को भी सम्मानित किया।
राज्यपाल ने “टीबी मुक्त भारत” अभियान को जन आंदोलन के रूप में आगे बढ़ाने का आह्वान करते हुए कहा कि टीबी उन्मूलन केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए जनभागीदारी और सामूहिक संकल्प आवश्यक है। उन्होंने कहा कि टीबी से स्वस्थ हुए लोग असली योद्धा हैं और समाज के लिए प्रेरणा बन सकते हैं। उन्होंने टीबी उन्मूलन के क्षेत्र में कार्य कर रहे सभी लोगों, स्वयं सेवी संस्थाओं और स्वास्थ्य विभाग के प्रयासों की सराहना की और कहा कि इन सभी लोगों की मेहनत से उत्तराखण्ड अग्रणी राज्यों में है।
राज्यपाल ने इस अभियान के 100 दिनों को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इस अवधि में ठोस लक्ष्य निर्धारित कर उनकी जवाबदेही सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि “हर दिन महत्वपूर्ण है” और छोटे-छोटे प्रयासों से ही बड़े परिणाम प्राप्त होते हैं। उन्होंने जागरूकता की कमी को एक बड़ी चुनौती बताते हुए कहा कि लोगों को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना होगा और संकोच एवं भ्रांतियों को दूर करना होगा। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को इस अभियान से जुड़कर अपने स्तर पर नेतृत्व की भूमिका निभानी चाहिए।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्री सुबोध उनियाल ने टीबी मुक्त भारत अभियान पर अपने संबोधन में कहा कि आज भी कई लोग आर्थिक कठिनाइयों के कारण इस बीमारी से अधिक प्रभावित होते है। उन्होंने कहा कि ‘टीबी मुक्त भारत’ अभियान का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि 21वीं सदी में कोई भी व्यक्ति आर्थिक अभाव के कारण टीबी का शिकार न हो। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से प्रदेश को शीघ्र ही टीबी मुक्त बनाया जा सकेगा।
कार्यक्रम के अंत में टीबी उन्मूलन एवं जागरूकता की शपथ दिलाई गई। इस कार्यक्रम में उपाध्यक्ष एनएचएम श्री सुरेश भट्ट, सचिव स्वास्थ्य श्री सचिन कुर्वे, महानिदेशक स्वास्थ्य डॉ. सुनीता टम्टा, निदेशक एनएचएम डॉ. रश्मि पंत, सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी व मेडिकल कॉलेज के छात्र-छात्राएं मौजूद रहें।