UCC

पेशी पर लाए जा रहे बदमाश पर फायरिंग से हड़कंप, हायर सेंटर रेफर

Spread the love

उत्तराखंड: 24 Dec.2025, बुधवार को देहरादून ।  प्राप्त जानकारी के मुताबिक जनपद हरिद्वार स्थित   लक्सर क्षेत्रान्तर्गत एसीजेएम कोर्ट में पेशी के लिए लाए जा रहे एक बदमाश विनय त्यागी पर आज दोपहर को अज्ञात मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। लक्सर ओवरब्रिज पर अचानक सामने आए बदमाशों ने पुलिस की गाड़ी को निशाना बनाते हुए अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान विनय त्यागी को कई गोलियां लगीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पहले उसे लक्सर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक होने पर उसे तत्काल हायर सेंटर रेफर किया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने पुलिस वाहन पर सीधे फायरिंग की, जिससे मौके पर अफरा तफरी मच गई। फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। घटना स्थल पर भारी पुलिस बल के साथ एसपी देहात शेखर चंद सुयाल पहुंचे और हालात का जायजा लिया। एसपी देहात शेखर चंद सुयाल ने बताया कि घायल बदमाश को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। हमलावरों की तलाश के लिए क्षेत्र में कांबिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा है और जल्द ही अज्ञात बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

गौरतलब है कि विनय त्यागी पर लूट और डकैती के कई संगीन मुकदमे दर्ज हैं और आज उसकी लक्सर एसीजेएम कोर्ट में पेशी होनी थी। दिनदहाड़े पुलिस सुरक्षा में किए गए इस हमले ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संभावित रास्तों पर नाकाबंदी कर दी गई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.