डॉ. चिन्मय पण्ड्या को मिला विवेकानंद अंतर्राष्ट्रीय संबंध शांति पुरस्कार

उत्तराखंड: 05 जुलाई 2024, हरिद्वार। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर जनकल्याण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य हेतु गायत्री परिवार प्रतिनिधि एवं देव संस्कृति विश्वविद्यालय प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय पण्ड्या को विवेकानंद अंतर्राष्ट्रीय संबंध (वीआईआर) शांति पुरस्कार दिया गया। इस सम्मान समारोह में स्मृतिचिह्न व सम्मान पत्र गायत्री परिवार प्रतिनिधि ने प्राप्त किया। यह समारोह मुंबई के प्रसिद्ध होटल ताज में आयोजित हुआ।
अध्यात्म के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर नोबेल पुरस्कार के समकक्ष टेम्पल्टन पुरस्कार की चयन समिति के पूर्व सदस्य डॉ चिन्मय पण्ड्या ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पूज्य गुरुदेव पं. श्रीराम शर्मा आचार्य जी के आशीर्वाद से ही सेवाकार्य संभव हो सका है। यह अंतर्राष्ट्रीय सम्मान उन्हीं विभूति को समर्पित है, जिन्होंने विश्व भर में भारतीय संस्कृति के नवोन्मेष, सांस्कृतिक उत्थान एवं युवाओं के जागरण हेतु अखिल विश्व गायत्री परिवार की न केवल स्थापना की, वरन आज भी अपना संरक्षण एवं मार्गदर्शन प्रदान कर रहे हैं और यही कारण है कि आज पूरी दुनिया गायत्री परिवार के ओर आशाभरी दृष्टि से देख रही है। अखिल विश्व गायत्री परिवार प्रमुख श्रद्धेय डॉ. प्रणव पण्ड्या जी एवं शांतिकुंज अधिष्ठात्री श्रद्धेया शैलबाला पण्ड्या जी ने भी इस विशिष्ट उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की एवं अपनी शुभकामनाएं दीं।
विदित हो कि पूज्य गुरुदेव ने मनुष्य में देवत्व का उदय एवं धरती पर स्वर्ग का अवतरण के लक्ष्य को लेकर अखिल विश्व गायत्री परिवार की स्थापना की थी। धर्मतंत्र के माध्यम से लोकशिक्षण की व्यवस्था को आधार बनाते हुए युग निर्माण योजना के लक्ष्य को साकार करने के लिए सत्प्रवृत्ति संवर्धन दुष्प्रवृत्ति उन्मूलन की कार्ययोजना शान्तिकुन्ज हरिद्वार के माध्यम से सप्तक्रांति आंदोलन प्रारंभ किया। सप्तक्रांति में साधना, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वावलंबन, पर्यावरण, व्यसनमुक्ति व कुरीति उन्मूलन एवं नारी जागरण गायत्री परिवार के मुख्य सेवा प्रकल्प हैं। शांतिकुंज ने इन्हें राष्ट्र शक्ति के रूप में निखारने की प्रक्रिया का एक विश्वव्यापी आन्दोलन और अभियान बनाया है। जिससे विश्व एवं राष्ट्र श्रेष्ठता, संप्रभुता और संपन्नता के श्रेष्ठ शिखर पर पुनः प्रतिष्ठित हो सके।
आयोजक संस्था तर्पण फाउण्डेशन अंतर्राष्ट्रीय स्तर ख्यातिलब्ध संस्थान है। यह फाउण्डेशन युवा सशक्तिकरण एवं उत्थान के लिए कार्यरत है। फाउण्डेशन द्वारा अखिल विश्व गायत्री परिवार प्रतिनिधि डॉ चिन्मय पंड्या सहित प्रसिद्ध उद्योगपति श्री रतन टाटा को भी वीआईआर शांति पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह सम्मान अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अध्यात्म, शिक्षा, पर्यावरण, उद्योग, शांति, तकनीकि आदि क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान के लिए दिया जाता है। महाराष्ट्र के माननीय राज्यपाल श्री रमेश बैस, मुख्यमंत्री श्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री श्री देवेन्द्र फडनवीस आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.