पंतनगर से काठमाण्डू की सीधी उड़ान हमारा सपना: महाराज

kumbh2
Spread the love

 

देहरादून/दिल्ली। भारत और नेपाल का रिश्ता केवल दो पड़ोसी देशों का रिश्ता नहीं है। यह आस्था, संस्कृति और “रोटी-बेटी” का रिश्ता है। माता सीता की जन्मभूमि जनकपुर, भगवान बुद्ध की जन्मस्थली लुम्बिनी और बाबा पशुपतिनाथ, ये सब हमारी साझा विरासत हैं।

उक्त बात प्रदेश के पर्यटन, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने गुरुवार को नई दिल्ली, कनाट प्लेस स्थित एक होटल में नेपाल दूतावास और नेपाल पर्यटन बोर्ड द्वारा आयोजित “नेपाल कॉलिंग” डेस्टिनेशन प्रमोशन प्रोग्राम-“एक तराई, दो राष्ट्र” कार्यक्रम में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करते हुए कही। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड के लिए यह नाता और भी विशेष है। मान्यता है कि जब भगवान शिव पाण्डवों से बचने के लिए वृषभ रूप में धरती में समाए, तो उनकी पीठ केदारनाथ में प्रकट हुई और उनका शीश नेपाल के भक्तपुर स्थित डोलेश्वर महादेव में प्रकट हुआ।

पर्यटन मंत्री महाराज ने कहा कि इस दिशा में नेपाल ने उदाहरण प्रस्तुत किया है। चितवन राष्ट्रीय उद्यान में बफ़र ज़ोन का प्रबंधन समुदाय करता है, थारू होमस्टे चलाते हैं और पार्क की आय का एक भाग स्थानीय लोगों तक पहुँचता है।। पंतनगर हवाई अड्डे को राज्य का पहला अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बनाने की दिशा में कार्य चल रहा है। भविष्य में पंतनगर से काठमाण्डू की सीधी उड़ान हमारा सपना है। मेरा नेपाल सरकार से भी अनुरोध है कि वह पंतनगर से काठमांडू और देहरादून से काठमांडू विमान सेवा शुरू करने की दिशा में उचित कदम उठाए।

महाराज ने अपने संबोधन में कहा कि सड़क मार्ग पर टनकपुर–महेन्द्रनगर लिंक रोड का कार्य शीघ्र शुरू होना चाहिए। बनबसा सीमा पर पर्यटक सुविधा काउंटर और भारत–नेपाल पर्यटक सूचना डेस्क भी आवश्यक हैं। उन्होंने केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत से अनुरोध किया कि तराई–महाकाली पर्यटन सर्किट को स्वदेश दर्शन 2.0 और प्रसाद योजना में प्राथमिकता मिले। इसके अलावा उन्होंने नेपाल सरकार के मंत्री खड्क राज पौडेल से भी आग्रह किया कि उत्तराखण्ड और नेपाल के सुदूरपश्चिम प्रदेश का एक संयुक्त पर्यटन कार्यदल बने, जो साझा पैकेज, साझा विपणन और भारत–नेपाल सीमा-पार साइकिल रैली तथा तराई बर्ड फेस्टिवल जैसे संयुक्त आयोजन करे। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड, नेपाल के “शुक्लाफांटा पर्यटन महोत्सव” में भी सहभागिता करना चाहेगा।

इस दौरान केन्द्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, नेपाल के संस्कृति, पर्यटन तथा नागरिक उड्डयन मंत्री, खड्क राज पौडेल ‘गणेश’, नेपाल के राजदूत नेपाल पर्यटन बोर्ड के पदाधिकारीगण तथा दोनों देशों के पर्यटन उद्योग से जुड़े जनप्रतिनिधि भी शामिल थे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.