उत्तराखंड: 30 JULY 2026, गुरुवार को देहरादून। जनपद में मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान ने गति पकड़ ली है। गुरुवार को ऋषिपर्णा सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ आयोजित बैठक में जिलाधिकारी व जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने अभियान की प्रगति साझा की और सभी दलों से इसमें सक्रिय सहयोग की अपील की।
प्राप्त नोटिसों के आधार पर विवरण सुधारने और आपत्तियों के निस्तारण के लिए सहायक रिटर्निंग अधिकारियों की देखरेख में 03 अगस्त से 29 अगस्त तक बूथवार सुनवाई शिविर आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान पात्र नए मतदाताओं से फार्म-6 भी स्वीकार किए जाएंगे। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि विवरण सुधार के लिए नागरिकों को 11 सितंबर तक पर्याप्त अवसर दिया जाएगा। इसी दिन सभी दावों और आपत्तियों का अंतिम निस्तारण कर मतदाता सूची को फ्रीज कर दिया जाएगा। तत्पश्चात, 15 सितंबर को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
जिले की 10 विधानसभाओं में कुल 2045 बूथ बनाए गए हैं। प्रक्रिया को पारदर्शी और सुगम बनाने के लिए 10 मतदाता पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) और 222 सहायक मतदाता पंजीकरण अधिकारी (एईआरओ) तैनात किए गए हैं।
देहरादून जनपद के डीएम ने सभी राजनीतिक दलों से हर बूथ पर अपने बूथ लेवल एजेंट-2 तैनात करने का अनुरोध किया, ताकि प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता बनी रहे। इस दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने नोटिस प्राप्त नागरिकों की सूची उपलब्ध कराने का अनुरोध किया, जिस पर विचार का आश्वासन दिया गया।