28 जून से विशेष अभियान” 29 जून से 04 जुलाई तक-पिलाई जाएगी जीवनरक्षक खुराक

Spread the love

 उत्तराखंड: 25 JUNE 2026,  गुरुवार को देहरादून / राजधानी स्थित  सभागार कलेक्ट्रेट में देहरादून, जिलाधिकारी डॉ0 आशीष चौहान की अध्यक्षता में  राष्ट्रीय प्रतिरक्षण दिवस 28 जून, 2026 के सफल आयोजन एवं शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति हेतु जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय प्रतिरक्षण दिवस की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि जनपद में 0 से 5 वर्ष तक का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि पोलियो उन्मूलन अभियान राष्ट्रीय महत्व का कार्यक्रम है तथा इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी बूथों, ट्रांजिट टीमों एवं मोबाइल टीमों की व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण कर ली जाएं तथा अभियान के लिए आवश्यक दवाओं, वैक्सीन कैरियर, प्रचार-प्रसार सामग्री एवं मानव संसाधन की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों, दुर्गम स्थानों एवं प्रवासी आबादी वाले क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

बैठक में अवगत कराया गया कि जनपद में 28 जून को कुल 1505 बूथों के माध्यम से पोलियो खुराक पिलाने की व्यवस्था की गई है, जिनमें 1399 स्थिर बूथ, 82 ट्रांजिट बूथ तथा 24 मोबाइल बूथ शामिल हैं। इसके उपरांत 29 जून से 04 जुलाई तक स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी। अभियान के सफल संचालन हेतु 1498 टीमें एवं 444 पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं।

 जिलाधिकारी ने अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष बल देते हुए कहा कि प्रत्येक परिवार तक संदेश पहुंचना चाहिए और कोई भी पात्र बच्चा छूटने नहीं पाए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी भी क्षेत्र में कोई बच्चा टीकाकरण अथवा पोलियो खुराक से वंचित पाया जाता है तो संबंधित अधिकारी एवं कार्मिक की जिम्मेदारी तय करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज शर्मा, मुख्य शिक्षा अधिकारी विनोद ढौंडियाल, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी/जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. दिनेश चौहान, जिला कार्यक्रम अधिकारी जितेन्द्र कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.