उत्तराखंड: 08 JUNE 2026, सोमवार को देहरादून/राजधानी में उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के नवनियुक्त माननीय उपाध्यक्ष लेफ्टिनेंट कर्नल रघुवीर सिंह भण्डारी (सेवानिवृत्त) ने सोमवार को अपना कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर सचिव, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास श्री विनोद कुमार सुमन ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया तथा नवीन दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत माननीय उपाध्यक्ष ने कहा कि उत्तराखण्ड आपदाओं की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील राज्य है तथा आपदा प्रबंधन को और अधिक सशक्त एवं जन-केंद्रित बनाने के लिए सभी उपलब्ध संसाधनों एवं अनुभवों का समुचित उपयोग किया जाना आवश्यक है।
इस अवसर पर सचिव, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास श्री विनोद कुमार सुमन ने विश्वास व्यक्त किया कि लेफ्टिनेंट कर्नल भण्डारी के व्यापक प्रशासनिक, सैन्य एवं संगठनात्मक अनुभव का लाभ राज्य की आपदा प्रबंधन व्यवस्था को मिलेगा तथा उनके मार्गदर्शन में आपदा प्रबंधन से संबंधित विभिन्न पहल और अधिक प्रभावी रूप से आगे बढ़ेंगी।
सेवानिवृत्ति के उपरांत भी उन्होंने पूर्व सैनिकों के संगठनात्मक सशक्तिकरण एवं कल्याण के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाई। वे उत्तराखण्ड पूर्व सैनिक एवं अर्धसैनिक संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष के रूप में कार्य कर चुके हैं तथा उत्तराखण्ड पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक के रूप में निरंतर योगदान दे रहे हैं।