उमड़ी फरियादियों की भीड़,अनुपस्थित अधिकारियों पर सख्ती, नगर निगम समेत चार विभागों से मांगा स्पष्टीकरण

स्कूल फीस माफी से बेटी विवाह तक, आर्थिक मदद के लिए पहुंचे फरियादी

Spread the love

जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशानुसार सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित जनसुनवाई/जनता दरबार में जनसमस्याओं का अंबार उमड़ पड़ा। संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद की अध्यक्षता में आयोजित जनता दरबार में भूमि विवाद, अवैध कब्जा, अतिक्रमण, उत्पीड़न, विद्युत सुरक्षा, आर्थिक सहायता, सामाजिक सुरक्षा एवं स्कूल फीस माफी सहित विभिन्न विषयों से जुड़ी 201 शिकायतें दर्ज की गईं। प्रशासन ने अधिकांश मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया, जबकि शेष प्रकरणों को संबंधित विभागों को अग्रसारित करते हुए त्वरित एवं विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान कई बुजुर्गों ने पारिवारिक उत्पीड़न और संपत्ति विवाद से जुड़ी पीड़ा प्रशासन के समक्ष रखी। बीमार बुजुर्ग घनश्याम भण्डारी ने बड़े बेटे पर दुकान पर कब्जा करने और मकान हड़पने की कोशिश का आरोप लगाया। वहीं कैंसर से पीड़ित 80 वर्षीय किस्मत सिंह ने बेटी और दामाद पर धोखाधड़ी से जमीन और मकान अपने नाम कराने तथा मारपीट कर घर से निकालने का आरोप लगाया। दोनों मामलों में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को तत्काल कानूनी कार्रवाई कर राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
आमवाला निवासी 61 वर्षीय विधवा मुन्नी देवी ने बहू-बेटे पर मारपीट और घर से निकालने का आरोप लगाया, जिस पर एसडीएम को भरण-पोषण अधिनियम के तहत वाद दर्ज कराने के निर्देश दिए गए। वहीं 65 वर्षीय गोदम्बरी देवी ने सेवानिवृत्त पति द्वारा उत्पीड़न और इलाज व जीवनयापन के लिए आधी पेंशन दिलाने की गुहार लगाई।
जनता दरबार में ग्राम खाला क्षेत्र में भारी वर्षा और भूस्खलन के कारण सड़क किनारे झुके हाईटेंशन विद्युत खंभे से उत्पन्न खतरे का मामला प्रमुखता से उठा। इस पर विद्युत विभाग और नगर निगम को तत्काल सुरक्षात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
ग्राम सोरना और रुद्रपुर के ग्रामीणों ने सार्वजनिक भूमि पर अवैध अतिक्रमण के कारण सड़क मार्ग बाधित होने की शिकायत दर्ज कराई।
राजकीय इंटर कॉलेज भगद्वारी खाल में पेयजल आपूर्ति और संपर्क मार्ग क्षतिग्रस्त होने की समस्या पर जल संस्थान और जिला पंचायत राज अधिकारी को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं रायपुर निवासी सुभाष चन्द्र गुप्ता द्वारा घर में दूषित पेयजल आने की शिकायत पर जल संस्थान को स्थलीय निरीक्षण कर समस्या का तत्काल समाधान करने को कहा गया।
प्रेमनगर निवासी रमेश सिंह ने पेयजल और विद्युत कनेक्शन ट्रांसफर होने के बावजूद 38 हजार रुपये का जल बिल भेजे जाने की शिकायत की, जिस पर अधिकारी को सौंपी गई।
जनता दरबार में आर्थिक सहायता से जुड़े मामलों में भी कई फरियादी पहुंचे। ग्राम माधोवाला की मोनिका, अंजली और कुन्ती देवी ने बच्चों की शिक्षा के लिए सहायता मांगी, जबकि आजाद नगर निवासी अनवरी जहां ने पुत्री विवाह, प्रेम सिंह ने मकान मरम्मत तथा रविकांत शर्मा एवं सुनता सम्मल ने बच्चों की स्कूल फीस माफी के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लगाई। संबंधित अधिकारियों को जांच कर आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई के दौरान नगर निगम, पशुपालन, पुलिस और वन विभाग के अधिकारियों की अनुपस्थिति पर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब किया है।
जनता दरबार में एसडीएम स्मृता परमार, एसडीएम विनोद कुमार, एसडीएम अपूर्वा सिंह, एसडीएम कुमकुम जोशी, एसडीएम अपर्णा ढ़ौडियाल, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, मुख्य शिक्षा अधिकारी वीके ढ़ौडियाल, तहसीलदार सुरेन्द्र देव, विवेक राजौरी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.