लापरवाही पर अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी।
उत्तराखंड: 17 April 2026, शुक्रवार को देहरादून / राजधानी स्थित आज सचिवालय में सीएम हेल्पलाइन-1905 की समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने ये निर्देश अधिकारियों को दिए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सीएम हेल्पलाइन 1905 पर 30 दिनों से अधिक लंबित शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना उच्च स्तर की अनुमति के किसी भी शिकायत को फोर्स क्लोज न किया जाए और लापरवाही पर अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी।मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने निर्देश दिए हैं कि सीएम हेल्पलाइन-1905 पर 30 दिनों से अधिक समय से लंबित शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों को फोर्स क्लोज करने के मामलों में जिलाधिकारी, विभागाध्यक्ष या संबंधित सचिव की संस्तुति के बिना किसी भी स्तर पर फोर्स क्लोज की कार्रवाई न की जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हेल्पलाइन जनता के विश्वास का माध्यम है, इसलिए हर शिकायत का समाधान शिकायतकर्ता की संतुष्टि तक किया जाए। जिलाधिकारी स्तर पर साप्ताहिक और सचिव स्तर पर मासिक समीक्षा अनिवार्य की गई है।
बैठक में एआई आधारित मॉनिटरिंग से शिकायतों के बेहतर समाधान की जानकारी दी गई। देहरादून, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में सबसे अधिक शिकायतें दर्ज हुईं। मुख्यमंत्री ने बेहतर कार्य करने वाले अधिकारियों की सराहना की और कुछ शिकायतकर्ताओं से सीधे बात कर समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश भी दिए।
बैठक में उपाध्यक्ष अवस्थापना अनुश्रवण परिषद् श्री विश्वास डाबर, उपाध्यक्ष राज्य आपदा प्रबंधन श्री विनय रुहेला, मुख्य सचिव श्री आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव श्री एल. फैनई, विशेष प्रमुख सचिव श्री अमित सिन्हा, सचिव श्री शैलेश बगौली, श्री नितेश झा, श्री दिलीप जावलकर, श्री बृजेश कुमार संत, डॉ. पंकज कुमार पांडे, श्री चंद्रेश यादव, श्री एस एन पाण्डेय, श्री रंजीत सिन्हा, श्री विनोद कुमार सुमन, श्री सी. रविशंकर, श्रीमती रंजना राजगुरू, विशेष सचिव डॉ. पराग मधुकर धकाते, अपर सचिव श्री आलोक पांडे, महानिदेशक सूचना श्री बंशीधर तिवारी, अपर सचिव श्री मनमोहन मैनाली एवं अन्य अधिकारी तथा समस्त जनपदों से जिलाधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।