डायबिटीज़ बच्चों के लिए लगा हौसले, उम्मीद और जीवन संवारने वाला खास हेल्थ कैंप”

Spread the love

उत्तराखंड: 14 April 2026, मंगलवार को देहरादून/राजधानी में उदय डायबिटीज़ अवेयरनेस इनिशिएटिव सोसाइटी द्वारा टाइप-1 डायबिटीज़ से पीड़ित बच्चों के लिए वार्षिक हेल्थ कैंप का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस विशेष कैंप की अध्यक्षता उत्तराखंड की पूर्व मुख्य सचिव एवं सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी श्रीमती राधा रतूड़ी ने की तथा उनके साथ उत्तराखंड के पूर्व डीजीपी श्री अनिल रतूड़ी भी उपस्थित रहे।

इस  कार्यक्रम में दोनों मुख्य अतिथियों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उनका मनोबल बढ़ाया। श्री अनिल रतूड़ी ने अपने संबोधन में कई प्रसिद्ध व्यक्तित्वों के उदाहरण देते हुए बच्चों को प्रेरित किया कि टाइप-1 डायबिटीज़ के साथ भी जीवन में बड़ी ऊँचाइयों को प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने बच्चों से कहा कि वे किसी से कम नहीं हैं और दृढ़ इच्छाशक्ति से हर लक्ष्य हासिल कर सकते हैं।

वहीं, श्रीमती राधा रतूड़ी ने संस्था की संस्थापक रेखा नेगी के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें सभी के लिए प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने कहा कि रेखा नेगी अपने स्वास्थ्य की चुनौतियों के बावजूद समाज के लिए जो कार्य कर रही हैं, वह अपने आप में एक सशक्त उदाहरण है और बच्चों को उनसे प्रेरणा लेकर जीवन में आगे बढ़ना चाहिए।
यह कैंप विशेष रूप से टाइप-1 डायबिटीज़ से पीड़ित बच्चों के लिए केंद्रित था। टाइप-1 डायबिटीज़ एक ऑटोइम्यून स्थिति है, जिसमें शरीर स्वयं इंसुलिन बनाना बंद कर देता है। इस कारण बच्चों को दिन में 4–5 बार इंसुलिन लेना पड़ता है तथा 6–7 बार ब्लड शुगर की जांच करनी होती है। इस बीमारी के प्रबंधन में न केवल बच्चों बल्कि उनके माता-पिता और पूरे परिवार की मानसिक स्वास्थ्य पर भी प्रभाव पड़ता है।

इन्हीं चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए कैंप में दिल्ली से प्रसिद्ध मनोवैज्ञानिक डॉ. सृष्टि पुरी को आमंत्रित किया गया, जो पिछले 10 वर्षों से टाइप-1 डायबिटीज़ से जुड़े बच्चों और उनके परिवारों के साथ कार्य कर रही हैं। उन्होंने बच्चों एवं अभिभावकों को विशेष काउंसलिंग प्रदान की और मानसिक रूप से सशक्त बनने के लिए मार्गदर्शन दिया।
कैंप में बच्चों को डायबिटीज़ मैनेजमेंट, संतुलित पोषण, डाइट प्लान, बेसिक डायबिटीज़ एजुकेशन तथा ‘सिक डे मैनेजमेंट’ की महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। इस अवसर पर डॉ. आशीष सेठी, रेखा नेगी, डॉ. अनन्या सती, डॉ. सृष्टि पुरी, श्री सुरेंद्र दत्त बजलवान,श्री अचपाल सिंह, श्री प्रवीन नेगी, श्री ज्ञान पटेल, श्री इमरान अली सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

इस कैंप में लगभग 50 बच्चों ने भाग लिया, जिनमें उत्तराखंड की स्थायी राजधानी गैरसैंण, टिहरी, हरिद्वार, रुड़की, रुद्रपुर, और देहरादून जैसे विभिन्न क्षेत्रों से बच्चे एवं उनके अभिभावक शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने एक साथ ब्लड शुगर की जांच की, इंसुलिन लिया और सामूहिक रूप से भोजन किया, जिससे उनमें आपसी सहयोग और आत्मविश्वास की भावना विकसित हुई। इसके साथ ही बच्चों के लिए विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिससे उनका दिन उत्साह और आनंद से भरपूर रहा। कैंप के दौरान बच्चों के डायबिटीज़ प्रबंधन के साथ-साथ उनके समग्र स्वास्थ्य के आकलन हेतु विस्तृत (फुल इवैल्यूएशन) ब्लड टेस्ट भी कराए गए तथा सभी बच्चों को उपहार भी वितरित किए गए।

यह वार्षिक कैंप न केवल बच्चों के लिए स्वास्थ्य और शिक्षा का मंच बना, बल्कि उन्हें मानसिक रूप से मजबूत करने और जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देने का एक सशक्त माध्यम भी सिद्ध हुआ।

Leave A Reply

Your email address will not be published.