अब किसी उपभोक्ताओं को सीधे गैस ऐजेंसी व गोदामो से नही मिलेगी

केवल होम डिलीवरी और OTP सत्यापन के माध्यम से ही किया जाए

Spread the love

उत्तराखंड: 15 MARCH 2026, रविवार को देहरादून / राजधानी स्थित जिला प्रशासन देहरादून, के निर्देशों के अनुपालन में आज जनपद की समस्त गैस एजेंसियों पर एलपीजी गैस का वितरण केवल होम डिलीवरी के माध्यम से ओटीपी आधारित व्यवस्था के तहत किया गया। इस व्यवस्था का उद्देश्य गैस एजेंसियों एवं गोदामों पर अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित करना तथा वितरण प्रक्रिया को पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाना है।

इस दौरान देहरादून जनपद के डीएम  सविन बंसल के निर्देशों के क्रम में जिला प्रशासन की क्यूआरटी (क्विक रिस्पांस टीम) ने सक्रिय रूप से अपने-अपने क्षेत्रों में आवंटित गैस एजेंसियों का भ्रमण कर गैस की आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था का जायजा लिया। टीम द्वारा यह सुनिश्चित किया गया कि गैस सिलेंडर का वितरण केवल होम डिलीवरी और ओटीपी सत्यापन के माध्यम से ही किया जाए।

साथ ही देहरादून  जिला प्रशासन के निर्देशानुसार सभी गैस एजेंसियों एवं गैस गोदामों पर होम डिलीवरी से संबंधित फ्लैक्स एवं सूचना पट्ट चस्पा कर दिए गए हैं, जिससे उपभोक्ताओं को नई व्यवस्था की जानकारी मिल सके। इस व्यवस्था के प्रभावी क्रियान्वयन से गैस एजेंसियों एवं गोदामों पर लगने वाली भारी भीड़ में भी कमी देखी जा रही है।

जिला प्रशासन ने सभी गैस एजेंसियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर केवल होम डिलीवरी के माध्यम से ही उपलब्ध कराया जाए तथा वितरण के समय ओटीपी आधारित सत्यापन अनिवार्य रूप से किया जाए। किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित एजेंसी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने जनमानस से अपील की है कि वे किसी प्रकार की घबराहट न दिखाएं। जनपद में गैस की पर्याप्त एवं निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। नागरिकों से अपेक्षा की गई है कि व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में जिला प्रशासन का सहयोग करें।

साथ ही गैस आपूर्ति अथवा वितरण से संबंधित किसी भी समस्या या शिकायत के लिए नागरिक जिला प्रशासन द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर 1077, 0135-2626066, 0135-2726066 तथा व्हाट्सएप नंबर 7534826066 पर संपर्क कर सकते हैं। जिला प्रशासन द्वारा प्राप्त शिकायतों का त्वरित संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.