उत्तराखंड: 23 FEB.2026, सोमवार को देहरादून / राजधानी स्थित उतरांचल प्रेस क्लब,देहरादून में राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन की ओर से एक प्रेस कांफ्रेस की आयोजित की गई। जिसमें राष्ट्रीय प्रवक्ता अरूण शर्मा ने पत्रकारो को बताया कि अर्बन कोऑपरेटिव बैंक पर किसानों के साथ धोखाधड़ी के गंभीर आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
इस दौरान प्रेस वार्ता के माध्यम से संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2012-13 से बैंक में अनियमितताओं और वित्तीय गड़बड़ियों का सिलसिला चल रहा है, जिससे कई किसान और उनके परिवार प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकरण की जानकारी वर्ष 2022 में आरटीओ और देहरादून पुलिस को भी दी जा चुकी है, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
साथ ही प्रेस वार्ता में संगठन ने आरोप लगाया कि वर्ष 2022 में जिलाधिकारी देहरादून ने बैंक को लिखित रूप से फटकार लगाते हुए किसानों की रिकवरी निरस्त करने के निर्देश दिए थे, बावजूद इसके बैंक ने आदेश का पालन नहीं किया। संगठन का यह भी कहना है कि कुछ किसानों को जेसीबी लोन के संबंध में एनओसी देने का आश्वासन दिया गया था, जबकि कई मामलों में अनियमितताएं सामने आई हैं।
संगठन ने यह भी आरोप लगाया कि एक मशीन, जिसकी वास्तविक कीमत लगभग 20-25 लाख रुपये थी, उसे रिकॉर्ड में एक करोड़ रुपये दर्शाया गया। इसके अलावा वर्ष 2017-18 के बाद से बैंक द्वारा एसएमएस सेवा बंद किए जाने पर भी सवाल उठाए गए।
संगठन के पदाधिकारियों ने बैंक के कुछ वर्तमान और पूर्व अधिकारियों की भूमिका पर भी संदेह जताते हुए कहा कि प्रभावित किसानों के पास संबंधित दस्तावेज और साक्ष्य मौजूद हैं। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के राष्ट्रीय प्रवक्ता अरूण शर्मा ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही न्यायोचित कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन किसानों के हित में आगे आंदोलन की रणनीति बनाएगा।
राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन ने शासन-प्रशासन से किसानों की समस्याओं का तत्काल समाधान निकालने की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि 6 से 8 सप्ताह के भीतर ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो किसान रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के समक्ष धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
प्रेस वार्ता में संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि 7 मार्च को हरिद्वार में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का कार्यक्रम प्रस्तावित है। यदि किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो किसान अपने मुद्दों को उनके समक्ष भी उठाएंगे।
प्रवक्ता अरूण शर्मा ने मांग की कि मामले में उच्च स्तर पर जांच कर संबंधित अधिकारियों एवं व्यक्तियों की भूमिका स्पष्ट की जाए। विशेष रूप से राकेश ममगई, भगत ममगई और सुरेश ममगई के कथनों व भूमिका की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई है। साथ ही लगभग 10 ग्राहकों की शेयर मनी के गबन/अनियमितता के मामले की भी जांच कर वास्तविक स्थिति सार्वजनिक करने को कहा गया।संगठन ने कहा कि किसानों के हितों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और समयबद्ध समाधान नहीं मिलने पर चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा
वही इस प्रेस वार्ता में राहुल कलेली, सुमेर लाल, महताब आजम, पुनीत भनिक, विजय सजवाण, सुरेश कुमार, कपिल पवार, अशोक चौधरी, सुरेख तोमर, सुनील चौधरी, धर्मवीर सिंह, राजेन्द्र सिंह, कमल कुमार, अनिल कुमार, अनिल पवार और जागेन्द्र राणा सहित कई लोग उपस्थित रहे।
