।
उत्तराखंड: 13 FEB.2026, शुक्रवार को देहरादून / राजधानी सहित उत्तराखंड में हाल के दिनों में अपराध की बढ़ती घटनाओं ने कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। राजधानी देहरादून सहित कई जिलों में हत्या, मारपीट, साइबर ठगी और महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामलों में वृद्धि देखी जा रही है।
ताजा घटना में देहरादून के राजपुर रोड स्थित सिल्वर सिटी क्षेत्र में जिम के बाहर एक युवक को सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिससे शहर में सनसनी फैल गई।
देहरादून में बिगड़ती कानून व्यवस्था और हालिया हत्याकांडों के विरोध में शुक्रवार को एनएसयूआई NSUI कार्यकर्ताओं ने पुलिस मुख्यालय (पीएचक्यू) गेट के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी युवकों ने प्रदेश में बढ़ते अपराधों पर चिंता जताते हुए कानून व्यवस्था को ध्वस्त बताते हुए नारेबाजी की।
इस दौरान स्थिति को देखते हुए मौके पर मौजूद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को पीएचक्यू गेट के सामने से हटाते हुए वहां से खदेड़ दिया। इस दौरान कुछ देर तक क्षेत्र में हल्का तनाव बना रहा। पुलिस ने व्यवस्था बनाए रखने की अपील करते हुए प्रदर्शन समाप्त कराया।
वही जिसमें पिछले कुछ महीनों में हत्या, दहेज उत्पीड़न, साम्प्रदायिक व क्षेत्रीय विवादों से जुड़ी घटनाएं भी सामने आई हैं, जिससे सामाजिक सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं। वहीं महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ी है, क्योंकि रिपोर्टों में देहरादून को कम सुरक्षित शहरों में शामिल किया गया है।
इसके साथ ही साइबर अपराध भी तेजी से बढ़ रहे हैं। हालांकि हाल ही में उत्तराखंड साइबर पुलिस ने ऑनलाइन निवेश के नाम पर ठगी करने वाले एक अंतरराष्ट्रीय गिरोह का पर्दाफाश कर दो एजेंटों को गिरफ्तार किया है।
विशेषज्ञों का मानना है कि शहरीकरण, बढ़ती आबादी, बेरोजगारी और नशे का बढ़ता प्रचलन अपराध वृद्धि के प्रमुख कारण बन रहे हैं। सरकार और पुलिस ने सख्त कार्रवाई, निगरानी बढ़ाने और जीरो टॉलरेंस नीति लागू करने की बात कही है।
