जनहित में विकास कार्यों को गुणवत्ता से पूरा करने पर दिया जोर: सांसद

Spread the love

  उत्तराखण्ड: 04 सितंबर 2025 बृहस्पतिवार को देहरादून /राजधानी स्थित   देहरादून वन मुख्यालय के मंथन सभागार में  टिहरी सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह ने जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक लेते हुए केंद्र पोषित योजनाओं की प्रगति समीक्षा की। उन्होंने जन प्रतिनिधियों एवं विभागीय अधिकारियों को बेहतर तालमेल के साथ जनहित में संचालित केंद्र पोषित योजनाओं को गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ प्रभावी क्रियान्वयन करने के निर्देश दिए।

सांसद ने केंद्र पोषित योजनाओं के तहत राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, पीएम खनिज क्षेत्र कल्याण, पीएम कौशल विकास, पीएम रोजगार सृजन, श्रम पोर्टल, मनरेगा, दीन दयाल अंत्योदय, पीएम आवास ग्रामीण, खेलो इंडिया, दूरसंचार अवसंरचना, पीएम मत्स्य संपदा, स्मार्ट सिटी, पीएम जनधन, सुकन्या समृद्धि, सांसद निधि, सांसद आदर्श ग्राम आदि केंद्र पोषित योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने केंद्र पोषित योजनाओं की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए जनहित में आपसी समन्वय से विकास कार्याे को गति प्रदान करने  को कहा।
दूरसंचार विभाग के वरिष्ठ अधिकारी द्वारा दिशा की बैठक में प्रतिभाग न करने पर सांसद ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने बैठक से गायब रहने वाले अधिकारियों का स्पष्टीकरण तलब किया। साथ ही उन्होंने दूरसंचार विभाग के अधिकारियों को अपनी कार्यप्रणाली में सुधार लाने की सख्त हिदायत भी दी। नवादा में मोबाइल टावर की मांग पर उन्होंने कार्रवाई के निर्देश दिए। आईटीडीए को तहसील चकराता और विकास नगर में स्वान नेटवर्क की व्यवस्था हेतु शीघ्र कार्रवाई करने को कहा।
खनन न्यास निधि की समीक्षा करते हुए सांसद ने निर्देशित किया कि खनन प्रभावित क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल सहित अन्य छोटी-छोटी विकास योजनाएं एवं जरूरतों को प्राथमिकता पर पूरा किया जाए। सांसद ने लघु सिंचाई विभाग को सांसद निधि के तहत अपूर्ण 05 योजनाओं का आंगणन शीघ्र तैयार करने और वर्षात के बाद तत्काल काम शुरू करने के निर्देश दिए। सांसद ने कहा कि कृषि और उद्यान विभाग ने जिन लाभार्थियों को कृषि यंत्र और औद्यानिक उपकरण वितरण किए है, उन सभी लाभार्थियों की सूची उपलब्ध की जाए। मत्स्य विभाग को विकासनगर व डोईवाला में वर्षवार मत्स्य उत्पादन की प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कहा कि मत्स्य और मुर्गी पालन के लिए समेकित योजनाओं पर काम किया जाए।
खेलों इंडिया कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए सांसद ने कहा कि जिला स्तर पर समिति गठित करते हुए खिलाड़ियों की समस्याओं का त्वरित निदान किया जाए। खिलाडियों को उचित खेल सुविधाएं मुहैया करें। प्रतिभावान खिलाड़ियों की काउंसलिंग की जाए। खिलाड़ियों को ओलंपिक में सम्मिलित खेलों का प्रशिक्षण दें। इस दौरान  मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह एवं परियोजना निदेशक विक्रम सिंह ने जिले में केंद्र पोषित योजनाओं की प्रगति से मा0 सांसद को अवगत कराया।
 वही इस दौरान  बैठक में विधायक विकासनगर मुन्ना सिंह चौहान, विधायक सहसपुर सहदेव सिंह पुंडीर, विधायक रायपुर उमेश  शर्मा  काऊ, विधायक डोईवाला ब्रजभूषण गैरोला, विधायक कैंट सविता कपूर, जिलाधिकारी सविन बंसल, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, प्रभारी वनाधिकारी नीरज शर्मा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन जय भारत सिंह, विधायक प्रतिनिधि, समिति के अन्य सदस्य सहित जिला स्तरीय विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.