भव्य रोजगार मेले में 1285 अभ्यर्थियों ने विभिन्न कंपनियों के समक्ष साक्षात्कार दिया

Spread the love

 उत्तराखंड: 02 April 2026, गुरुवार को देहरादून / राजधानी स्थित आज  उत्तराखंड प्राविधिक शिक्षा विभाग के तत्वाधान में गुरुवार को राजकीय पॉलीटेक्निक संस्थान, पिथूवाला (देहरादून) में भव्य रोजगार मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने किया, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता धर्मपुर विधायक विनोद चमोली ने की। इस अवसर पर प्राविधिक शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने वर्चुअल माध्यम से प्रतिभाग करते हुए छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं दीं तथा सफल आयोजन के लिए विभागीय अधिकारियों को बधाई दी।

प्राविधिक शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित इस रोजगार मेले में 81 प्रतिष्ठित औद्योगिक संस्थानों एवं कंपनियों ने प्रतिभाग किया। मेले में रोजगार प्राप्ति हेतु लगभग 1600 पॉलीटेक्निक छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 1285 अभ्यर्थियों ने विभिन्न कंपनियों के समक्ष साक्षात्कार दिया।
मुख्य अतिथि सुबोध उनियाल ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी राष्ट्र की प्रगति एवं सशक्तिकरण के लिए तकनीकी उन्नति अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वर्तमान युग आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा एनालिटिक्स, सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट और रोबोटिक्स इंजीनियरिंग का है, ऐसे में युवाओं को बदलती तकनीकों के अनुरूप स्वयं को निरंतर अपडेट करना होगा। उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें अपने क्षेत्र में निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
कैबिनेट मंत्री ने राज्य में तकनीकी शिक्षा के सुदृढ़ीकरण हेतु मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सरकार द्वारा पॉलीटेक्निक संस्थानों को आधुनिक संसाधनों, अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं एवं उन्नत शैक्षणिक व्यवस्थाओं से सुसज्जित किया जा रहा है। ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विधायक विनोद चमोली ने कहा कि रोजगार मेलों के माध्यम से कुशल युवाओं को सहजता से रोजगार के अवसर प्राप्त हो रहे हैं।
इस अवसर पर उत्तराखंड तकनीकी शिक्षा निदेशक देशराज ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि विगत वर्ष आयोजित रोजगार मेलों में 71 प्रतिशत छात्र-छात्राओं को कैंपस प्लेसमेंट प्राप्त हुआ था।
इस अवसर पर सचिवालय के संयुक्त सचिव विक्रम यादव, उप सचिव ब्योमकेशन दुबे, अनुभाग अधिकारी चन्द्र शेखर उपाध्याय, उत्तराखंड प्राविधिक शिक्षा परिषद के सचिव डॉ मुकेश पाण्डे, संयुक्त निदेशक देवेन्द्र गिरी, उप निदेशक एमके कन्याल व एसके वर्मा, संस्था के प्रधानाचार्य अवनीश जैन, तकनीकी शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारीगण, विभिन्न पॉलीटेक्निक संस्थानों के प्रधानाचार्य एवं औद्योगिक संस्थानों के प्रतिनिधि सहित पॉलिटेक्निक के छात्र-छात्राएं मौजूद थी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.